ट्रैक की मरम्मत के चलते दो दिन बंद रहेगा फतेहपुर सीकरी-रूपवास रेलमाग् का गेट नंबर-35, वैकल्पिक मार्ग से गुजरेंगे वाहन
फतेहपुर सीकरी। उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल द्वारा रेल ट्रैक अनुरक्षण कार्य के चलते फतेहपुर सीकरी-रूपवास रेल मार्ग पर स्थित रेलवे गेट नंबर-35 (नगला जग्गे बाला) दो दिनों तक यातायात के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान सभी वाहनों का आवागमन वैकल्पिक मार्ग से कराया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार ईदगाह-रूपवास रेल खंड पर स्थित समपार फाटक संख्या-35 (किमी 42/13-14) पर ट्रैक अनुरक्षण कार्य किया जाएगा। इसके लिए 25 जून 2026 को सुबह 9 बजे से 26 जून 2026 की शाम 6 बजे तक रेलवे गेट नंबर-35 पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि बंदी के दौरान इस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों को निकट स्थित एलएचएस-33 (अंडरपास) से निकाला जाएगा। इसके लिए स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
रेलवे ने क्षेत्रवासियों और वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित अवधि के दौरान असुविधा से बचने के लिए रेलवे गेट नंबर-35 की बजाय वैकल्पिक मार्ग का ही उपयोग करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।