सरकार ने कच्चे तेल पर दी गुड न्यूज, कहा- अफवाहों पर न दें ध्यान, सप्लाई चेन पूरी तरह सेफ

सरकार का संदेश साफ है कि अफवाहों पर ध्यान ना दें। पेट्रोल पंपों पर कतार लगाने की जरूरत नहीं है। देश के पास पर्याप्त स्टॉक है और सप्लाई चेन पूरी तरह सेफ है।

Mar 27, 2026 - 17:51
 0
 सरकार ने कच्चे तेल पर दी गुड न्यूज, कहा- अफवाहों पर न दें ध्यान, सप्लाई चेन पूरी तरह सेफ


 
नई दिल्ली। सरकार ने कच्चे तेल, एलपीजी और एलएनजी की सप्लाई को लेकर सभी आशंकाओं को खारिज करते हुए साफ किया कि देश के पास आने वाले दो महीनों के लिए बैकअप प्लान तैयार है।  मिडिल ईस्ट में जंग के चलते  अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में रिकॉर्ड उछाल आया है। भारतीय क्रूड बास्केट की कीमत 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 140 डॉलर के पार पहुंच गई है। इस बीच सरकार ने बताया कि भारत के पास कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार है। साथ ही अगले 60 दिनों यानी दो महीनों की सप्लाई लाइन भी पूरी तरह सुनिश्चित कर ली गई है।

सरकार ने बताया कि, भारतीय रिफाइनरियां अपनी पूरी या उससे भी ज्यादा कैपेसिटी पर काम कर रही हैं। घरेलू एलपीजी प्रोडक्शन में करीब 40 फीसदी की बड़ा इजाफा आया है। 

भारत अपनी एलपीजी जरूरतों का एक बड़ा हिस्सा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के रास्ते खरीदता है। जंग के शुरुआती दौर में सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं की जरूरतो को देखते हुए कमर्शियल सप्लाई पर रोक लगाई थी, जिसे अब धीरे-धीरे बहाल कर दिया गया है। शुरुआत में कमर्शियल सप्लाई रोकी गई, फिर इसे 20% और फिर 30% तक खोला गया। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को देखते हुए इसे बढ़ाकर 50% किया गया। अब इसे 70% तक बहाल कर दिया गया है, जिससे 14 मार्च से अब तक करीब 30 हजार टन कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई की जा चुकी है।

सरकार ने बताया कि छोटे होटलों, सड़क किनारे ढाबों, औद्योगिक कैंटीनों और मजदूरों को प्राथमिकता दी गई है।  सरकार का संदेश साफ है कि अफवाहों पर ध्यान ना दें। पेट्रोल पंपों पर कतार लगाने की जरूरत नहीं है। देश के पास पर्याप्त स्टॉक है और सप्लाई चेन पूरी तरह सेफ है।