‘हेलमेट लगाओ, जीवन बचाओ’ अलख जगाने वाले गोयल दंपत्ति का न्यूयार्क में होगा सम्मान

आगरा। ताजनगरी आगरा से उठी सामाजिक जागरूकता की आवाज अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी सुनाई देगी। ‘हेलमेट लगाओ, जीवन बचाओ’ और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे जनजागरण अभियानों को नई ऊंचाई देते हुए आगरा के प्रसिद्ध समाजसेवी, उद्यमी एवं पार्षद मुरारी लाल गोयल अपनी धर्मपत्नी श्रीमती सुमन गोयल के साथ अमेरिका के न्यूयॉर्क में आयोजित होने जा रहे छह दिवसीय इंटरनेशनल सेमिनार में सहभागिता करेंगे।

May 11, 2026 - 21:22
 0
‘हेलमेट लगाओ, जीवन बचाओ’ अलख जगाने वाले गोयल दंपत्ति का न्यूयार्क में होगा सम्मान
पार्षद मुरारी लाल गोयल और उनकी धर्मपत्नी सुमन गोयल।

12 मई से 17 मई तक न्यूयॉर्क में कंसाई नैरोलैक पेंट द्वारा आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में भारत और विदेशों के शीर्ष 111 पेंट व्यापारी शामिल होंगे। इस दौरान गोयल दंपत्ति व्यापारियों को केवल व्यवसाय ही नहीं, बल्कि समाजसेवा और मानव जीवन की सुरक्षा के लिए भी आगे आने का संदेश देंगे।

सोमवार को दिल्ली एयरपोर्ट से न्यूयॉर्क रवाना होने से पूर्व पार्षद मुरारी लाल गोयल ने कहा कि हर व्यापारी को अपनी आय का कुछ हिस्सा समाजहित और जरूरतमंदों के कल्याण के लिए समर्पित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और बेटी शिक्षा जैसे विषय केवल अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी हैं और हर नागरिक को इन अभियानों से जुड़ना चाहिए।

गौरतलब है कि मुरारी लाल गोयल सेवा आगरा, विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, अग्रवाल सम्मेलन और नेशनल चैंबर सहित अनेक सामाजिक, धार्मिक एवं औद्योगिक संगठनों से जुड़े हुए हैं। उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सुमन गोयल भी लंबे समय से समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

समाजसेवा के लिए मिलेगा अंतरराष्ट्रीय सम्मान

सेमिनार में गोयल दंपत्ति को समाजसेवा और जनहित कार्यों में उल्लेखनीय योगदान के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित भी किया जाएगा। यह सम्मान आगरा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।

न्यूयॉर्क की व्यवस्थाओं का करेंगे अध्ययन

गोयल दंपत्ति न्यूयॉर्क प्रवास के दौरान टाइम्स स्क्वेयर, ब्रुकलिन ब्रिज, मैनहैटन ब्रिज, वॉल स्ट्रीट, 9/11 मेमोरियल, यूएन हेडक्वार्टर, जनरल असेंबली बिल्डिंग, लिबर्टी स्टेट पार्क, स्टेच्यू ऑफ लिबर्टी और मैडम तुसाद वैक्स म्यूजियम समेत कई प्रमुख स्थलों का भ्रमण करेंगे।

इस दौरान वे वहां की स्वच्छता व्यवस्था, ड्रेनेज सिस्टम, कूड़ा संग्रहण और स्मार्ट सिटी मॉडल का भी गहन अध्ययन करेंगे, ताकि नगर निगम कार्यकारिणी सदस्य के रूप में आगरा के विकास और बेहतर शहरी व्यवस्थाओं के लिए ठोस प्रस्ताव तैयार कर सकें।

SP_Singh AURGURU Editor