योगिनी एकादशी पर भक्ति का महासंगम: कहीं कमल पुष्पों से सजे श्याम बाबा, तो कहीं गौ सेवा से गूंजा जगन्नाथ महोत्सव, प्रवचन श्रृंखला में श्रीगणेश महिमा का वर्णन
आगरा। योगिनी एकादशी के पावन अवसर पर आगरा में श्रद्धा, सेवा और सनातन परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला। जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में जहां कमल के पुष्पों से सजे श्याम बाबा के दिव्य श्रृंगार के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा, वहीं श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव के उपलक्ष्य में बेसहारों का सहारा ट्रस्ट परिवार ने गौ पूजन एवं गौ सेवा कर भगवान श्रीजगन्नाथ के स्वास्थ्य लाभ की खुशी मनाई। दोनों आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म, सेवा और आस्था का संदेश दिया।
कमल के पुष्पों से सजे श्याम बाबा, दिव्य श्रृंगार के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु
जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में योगिनी एकादशी पर भगवान श्री श्याम बाबा का कमल के पुष्पों से भव्य एवं मनोहारी विशेष श्रृंगार किया गया। स्वर्ण मुकुट और स्वर्ण कुंडल धारण कर विराजमान बाबा के अलौकिक स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। प्रातःकाल से ही मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और देर रात तक भक्तों ने बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि योगिनी एकादशी सनातन धर्म की अत्यंत पुण्यदायी तिथियों में से एक है। श्रद्धा और विधि-विधान से किए गए व्रत, पूजन और भगवान के स्मरण से जीवन में सुख, शांति और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है।
मंदिर में विशेष अवसर पर श्रृंगार सेवा, इत्र सेवा एवं संध्या भोग सेवा श्रद्धाभाव से संपन्न हुई। श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट द्वारा विशेष पोशाक सेवा आयोजित की गई, जबकि श्री श्याम नगरी मासिक पोशाक सेवा की ओर से मासिक पोशाक सेवा एवं राजभोग सेवा नीरज बंसल द्वारा अर्पित की गई।
पूरे दिन मंदिर परिसर श्याम नाम के जयघोष, भजन-कीर्तन और भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने बाबा के दिव्य श्रृंगार के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
इस अवसर पर हेमेंद्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल, अमित गोयल, विकास, विपिन बंसल आदि उपस्थित रहे।
विनायक को सबसे प्रिय काशीवास, गणेश पुराण कथा में बताया महत्व

आगरा के दयालबाग स्थित श्रीगोपाल जी धाम में श्रीगणेश पुराण पर प्रवचन देतीं कथावाचक डॊ. दीपिका उपाध्याय।
गुरुदीपिका योगक्षेम फाउंडेशन के तत्वावधान में श्रीगोपालजी धाम, दयालबाग में चल रही श्रीगणेश पुराण प्रवचन श्रृंखला के चौथे दिन कथावाचक डॉ. दीपिका उपाध्याय ने कहा कि भगवान गणेश को भगवान शिव की नगरी काशी सबसे अधिक प्रिय है। उन्होंने बताया कि काशी में भगवान गणेश अनेक स्वरूपों में विराजमान हैं और प्रत्येक विग्रह का अपना विशेष धार्मिक महत्व है।
प्रवचन के दौरान प्रकृति संरक्षण का संदेश देते हुए उन्होंने बताया कि भगवान गणपति मंदार पौधे और शमी वृक्ष से विशेष रूप से प्रसन्न होते हैं। उन्होंने शमी और मंदार की उत्पत्ति की कथा सुनाते हुए इनके संरक्षण का आह्वान किया। साथ ही नर्मदा तट स्थित सुमुख विनायक, ढुण्ढिराज एवं एकपाद विनायक की कथाओं का वर्णन किया। कथा के बीच-बीच में काशी विश्वनाथ के भजनों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर देवेन्द्र गोयल, कैप्टन बिशन सिंह, आर.के. मेहता, वीरकिशोर गुप्ता, बी.के. गौतम, अनुज गुप्ता, वीना कालरा, सरिता गौतम और सारिका कालरा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
गौ सेवा कर मनाई भगवान जगन्नाथ के स्वास्थ्य लाभ की खुशी, रथयात्रा की सफलता की कामना

योगिनी एकादशी के अवसर पर वॉटर वर्क्स स्थित अतिथि वन गौशाला में बेसहारों का सहारा ट्रस्ट परिवार द्वारा आयोजित गौ पूजन एवं गौ सेवा में शामिल श्रद्धालु।
योगिनी एकादशी के अवसर पर बेसहारों का सहारा ट्रस्ट परिवार द्वारा प्राचीन श्री जगन्नाथ मंदिर, बेलनगंज में आयोजित होने जा रहे श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव के अंतर्गत भगवान जगन्नाथ के स्वास्थ्य लाभ (अनसर काल की पूर्णता) की खुशी में वॉटर वर्क्स स्थित अतिथि वन गौशाला में गौ पूजन एवं गौ सेवा का आयोजन किया गया।
प्राचीन श्री जगन्नाथ मंदिर, बेलनगंज से लक्ष्मण शर्मा, सरिता शर्मा, स्नेहा शर्मा एवं चिराग शर्मा ने बताया कि 16 जुलाई को लगभग 200 वर्ष प्राचीन श्री जगन्नाथ जी मंदिर में रथ यात्रा महोत्सव, विशेष दर्शन एवं प्रसादी का आयोजन होगा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के भजन-कीर्तन एवं गुणगान कर भक्तिमय वातावरण बनाया तथा रथयात्रा की सफलता और विश्व कल्याण की प्रार्थना की।
कार्यक्रम में ट्रस्ट के संस्थापक पवन सिंघल, अध्यक्ष तरंग सिंघल, कोषाध्यक्ष जितेश सिंघल, सचिव पवन सजनानी, जेठानंद सजनानी, आनंद अग्रवाल (खुले पंख), चन्द्र प्रकाश अग्रवाल, डॉ. शुभम गर्ग, सारंग सिंघल, प्रीति गोयल, मिनी गोयल, सीए अमित मित्तल, शशि मित्तल, कनिष्क मित्तल, अनन्या मित्तल, अमन गंगवानी तथा आशीष अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।