बल्केश्वर पार्क में सजेगा भक्ति का विराट दरबार, 31 मई से आचार्य इंद्रेश उपाध्याय सुनाएंगे श्रीमद्भागवत कथा

आगरा के बल्केश्वर पार्क में 31 मई से 6 जून तक विख्यात कथा व्यास आचार्य इंद्रेश उपाध्याय की श्रीमद्भागवत कथा आयोजित होगी। कथा स्थल पर आकर्षक पंडाल, शीतल फुहारों, विद्युत सज्जा और भव्य साउंड व्यवस्था की तैयारी की जा रही है। कथा में देशभर से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। 31 मई को बल्केश्वर महादेव मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। आयोजन में कई संत-महात्माओं के आगमन की भी संभावना जताई गई है।

May 27, 2026 - 00:47
 0
बल्केश्वर पार्क में सजेगा भक्ति का विराट दरबार, 31 मई से आचार्य इंद्रेश उपाध्याय सुनाएंगे श्रीमद्भागवत कथा
बल्केश्वर पार्क में 31 मई से होने वाली श्रीमद्भागवत कथा के बारे में जानकारी देते आयोजक।

आगरा।  विख्यात कथा व्यास एवं युवाओं के प्रेरणास्रोत आचार्य इंद्रेश उपाध्याय जी की कथा 31 मई से 6 जून तक बल्केश्वर पार्क में होगी, जिसके लिए आकर्षक पंडाल बनाया जा रहा है, जिसमें शीतल फुहारों के बीच श्रद्धालु कथा का रसपान कर सकेंगे।

अग्रवन, वाटर वर्क्स में पत्रकारों को संबोधित करते हुए महन्त कपिल नागर ने कहा कि श्री बल्केश्वर महादेव भक्त मंडल द्वारा 31 मई से आयोजित इस विशाल कथा के रसपान करने के लिए विभिन्न प्रांतों से भी श्रद्धालु आएंगे। विख्यात संत कार्ष्णि गुरु शरणानंद जी महाराज, विख्यात संत अनिरुद्धाचार्य जी महाराज का भी किसी एक दिन शुभागमन होगा। उनके अलावा कई अन्य बडे संत और कथा वाचकों के आने की संभावना है।

कथा के मुख्य यजमान हरीश अग्रवाल (जुगनू) ने बताया कि जनकपुरी की तरह सजावट होगी।  बल्केश्वर महादेव मन्दिर से वाटर वर्क्स चौराहे तक तथा बल्केश्वर चौराहा से लेकर शांति स्वीट तक  रोड पर दोनों साईड विधुत सजावट व साउंड की व्यव्स्था की जा रही है और पार्क का मुख्य गेट सजाया जायेगा। 

प्रेस वार्ता मे गौरी शंकर अग्रवाल, आशीष गुप्ता, पदम अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, शिवम गोयल, अजय गोयल, गिरीश बंसल, पार्षद मुरारीलाल गोयल, आदर्श नन्दन गुप्त, ऋषि अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, रोहित अग्रवाल, अतुल सिंह, अजय गुप्ता, हरीश चन्द्र अग्रवाल, शिव शंकर रैपुरिया, हरि किशन सिंघल, जितेंद्र गोयल, मयंक देव अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, प्रकाश चन्द्र मौजूद रहे। 

31 मई को निकाली जाएगी कलश यात्रा

श्रीमद् भागवत कथा की कलश यात्रा 31 मई को प्रातः निकाली जाएगी, जो बल्केश्वर महादेव मंदिर से शुरू होकर बल्केश्वर पार्क पहुंचेगी। इसी दिन भागवत कथा शाम चार बजे से शुरू हो जाएगी। इससे पूर्व बल्केश्वर महादेव मंदिर में 29 मई को मेहंदी और 30 मई को कलश सज्जा का कार्यक्रम होगा। 

इस प्रकार रहेंगे कथा के प्रसंग 

31 मई को श्रीमद् भागवत का महात्म्य, एक जून को सती चरित्र, ध्रुव कथा, कर्दम देवाहुति प्रसंग, 2 जून को नरसिंह व वामन अवतार की कथा, 3 जून को श्रीराम जन्मोत्सव, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, 4 जून को बाल लीला, श्री गोवर्धन पूजा, 5 जून को राम पंचाध्याय, रुक्मिणी विवाह, 6 जून को सुदामा चरित्र, श्रीकृष्ण उद्धव संवाद, परीक्षित मोह, शुकदेव पूजन के साथ कथा का विश्राम हो जाएगा।

विलक्षण आध्यात्मिक मार्गदर्शक हैं इंद्रेश जी

आचार्य इंद्रेश उपाध्याय जी विख्यात कथा वाचक श्री कृष्ण चंद्र शास्त्री ठाकुर जी के सुपुत्र एवं ‘भक्ति-पथ’ संस्था के संस्थापक हैं। इंद्रेश जी के प्रवचन और कथाएं मात्र धार्मिक ज्ञान का संचार नहीं करते, बल्कि वे मानवता के प्रति समर्पण की अद्भुत प्रेरणा भी प्रदान करते हैं, जिससे वे अपने अनुयायियों के लिए एक आदर्श बन चुके हैं।