आगरा की हाउसिंग सोसायटीज में छिड़ेगा क्रिकेट का महासंग्राम, 6 सितंबर से शुरू होगी एआईएसएल की पहली पारी

आगरा। आगरा की हाउसिंग सोसायटीज को क्रिकेट के साझा मंच पर लाने वाली आगरा इंटर सोसायटी लीग (एआईएसएल)-2026 का पहला सीजन 6 सितंबर से शुरू होगा। स्वर्गीय श्री बृजमोहन बंसल की स्मृति को समर्पित और धूम पायल द्वारा प्रस्तुत इस टूर्नामेंट का समापन 1 नवंबर को होगा। पहले सीजन में आगरा की आठ प्रमुख सोसायटियों की टीमें मैदान में उतरेंगी, जबकि आयोजकों के मुताबिक इस पहल से अब तक 15 से अधिक सोसायटियां जुड़ चुकी हैं और करीब 2,000 फ्लैट्स तथा 5,000 से 7,000 लोगों तक इसका सीधा जुड़ाव बन चुका है।

Sep 3, 2026 - 17:58
 0
आगरा की हाउसिंग सोसायटीज में छिड़ेगा क्रिकेट का महासंग्राम, 6 सितंबर से शुरू होगी एआईएसएल की पहली पारी
आगरा की हाउसिंग सोसायटीज के बीच होने जा रहे इंटर सोसायटी लीग के बारे में जानकारी देते आयोजक।

एआईएसएल-2026 के पहले सीजन में अंथेला अवतार्स, राधा रानी चैलेंजर्स, एंथम, तुलसी स्काई सिटी, अपर्णा प्रेम, अपर्णा पंचशील, आईएमएचएच और गणपति क्लासिक की टीमें हिस्सा लेंगी। लीग चरण में प्रत्येक टीम छह मुकाबले खेलेगी। इसके बाद बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमें अगले चरण में प्रवेश करेंगी।

क्रिकेट के साथ सामाजिक जुड़ाव

एंथेला अवतार्स के कप्तान गौरव शर्मा ने प्रेसवार्ता में कहा कि आगरा इंटर सोसायटी लीग को केवल क्रिकेट प्रतियोगिता के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। इसका उद्देश्य शहर की अलग-अलग आवासीय सोसायटियों को एक साझा मंच पर लाकर क्रिकेट के माध्यम से आपसी संवाद, भाईचारा, सामाजिक समन्वय और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है।

उन्होंने कहा कि लीग से अलग-अलग सोसायटियों के खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि उनके परिवार और निवासी भी एक-दूसरे से जुड़ रहे हैं। इस तरह क्रिकेट खेल से आगे बढ़कर सामाजिक जुड़ाव का माध्यम बन रहा है।

15 से अधिक सोसायटियां जुड़ीं

राधा रानी चैलेंजर्स के कप्तान आकाश सक्सेना ने बताया कि बेहद कम समय में एआईएसएल ने पूरे शहर में अपनी पहचान बनाई है। छोटे से विचार के रूप में शुरू हुई इस पहल के समर्थन में अब 15 से अधिक सोसायटियां खड़ी हैं।

उन्होंने बताया कि एआईएसएल के माध्यम से करीब 2,000 फ्लैट्स और 5,000 से 7,000 लोगों तक सीधा जुड़ाव स्थापित हुआ है। इतने कम समय में शहर की प्रतिष्ठित सोसायटियों को एक विचार के साथ जोड़ना आयोजन की बड़ी उपलब्धि है।

प्रतिभागियों से नहीं लिया जाएगा शुल्क

आकाश सक्सेना ने स्पष्ट किया कि पूरे टूर्नामेंट के लिए किसी भी सोसायटी अथवा प्रतिभागी से आयोजन के नाम पर कोई धनराशि नहीं ली गई है। आयोजन को सहयोग, सहभागिता और विभिन्न समर्थकों के योगदान से आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि एआईएसएल का लक्ष्य केवल क्रिकेट मुकाबले कराना नहीं, बल्कि आगरा की आवासीय सोसायटियों को ऐसा स्थायी मंच उपलब्ध कराना है, जहां खेल के साथ सामाजिक रिश्ते और आपसी समन्वय भी मजबूत हों।

प्रेस वार्ता में नवदीप पसरीचा, शशांक शेखर, कामेश जैन, राजवीर वर्मा, पंकज परवानी, अजय बुलानी, पुष्पराज नेगी, अंकित कौशिक, राहुल, शिवा द्विवेदी, चिराग और आकाश जैन सहित एआईएसएल से जुड़े अन्य सदस्य एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।

सभी सदस्यों ने एआईएसएल को आगरा की आवासीय सोसायटियों के बीच आपसी जुड़ाव, खेल भावना और सामाजिक सहभागिता मजबूत करने वाली अनूठी पहल बताया। 6 सितंबर से शुरू होने वाली इस लीग के जरिए शहर की सोसायटियों के खिलाड़ी क्रिकेट मैदान पर अपनी टीम के लिए दमखम दिखाएंगे और 1 नवंबर को पहले सीजन के विजेता का फैसला होगा।

SP_Singh AURGURU Editor