आगरा में हजारों श्रद्धालुओं के साथ निकली भव्य कलश यात्रा, अब जया किशोरी सुनाएंगीं भागवत कथा

आगरा। श्रीश्याम परिवार सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में फतेहाबाद रोड स्थित राजदेवम में 23 से 29 जुलाई तक होने वाली श्रीमद्भागवत कथा के उपलक्ष्य में मंगलवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। विजय नगर स्थित श्रीराधाकृष्ण मंदिर से जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम मंदिर तक निकली यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। अब 23 जुलाई से पूज्यश्री जया किशोरी के श्रीमुख से श्रीमद्भागवत कथा का वाचन होगा।

Jul 22, 2026 - 18:25
 0
आगरा में हजारों श्रद्धालुओं के साथ निकली भव्य कलश यात्रा, अब जया किशोरी सुनाएंगीं भागवत कथा
बुधवार को आगरा में निकली श्रीमद् भागवत कथा की कलश यात्रा की एक झलक।

सुबह से ही विजय नगर स्थित श्रीराधाकृष्ण मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं ने पारंपरिक परिधान धारण कर कलश यात्रा में भाग लिया और पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। यात्रा का शुभारंभ मुख्य यजमान राजकुमार गुप्ता ने अपनी धर्मपत्नी राधा गुप्ता के सिर पर प्रथम कलश रखकर किया। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच यात्रा आगे बढ़ी तो श्रद्धालुओं ने "जय श्रीश्याम" के जयकारों से पूरा मार्ग गुंजायमान कर दिया।

यात्रा में भगवान श्रीगणेश की मनोहारी झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। इसके साथ ही खाटू श्याम बाबा का भव्य एवं सुसज्जित डोला भी लोगों की आस्था का केंद्र बना रहा। अलवर से आए सीताराम जी बाबा द्वारा विशेष रूप से सजाए गए इस दिव्य डोले की भव्यता ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्रद्धालु पूरे मार्ग में श्याम बाबा के दर्शन कर भावविभोर होते रहे।

बैंड-बाजों की मधुर धुनों और भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालु नृत्य करते हुए आगे बढ़ते रहे। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने समान उत्साह के साथ यात्रा में भाग लेकर इसे एक भव्य धार्मिक आयोजन का स्वरूप प्रदान किया। पूरा मार्ग श्याम नाम के जयकारों और भक्ति रस से सराबोर दिखाई दिया।

इस अवसर पर आयोजन समिति के विकास मांगलिक, अनिल कुमार गुप्ता, विनीत मांगलिक, ऋषिक मांगलिक, अर्पित गुप्ता, आलोक अग्रवाल, संजय गुप्ता, मीतेश मित्तल, मोंटू भार्गव, संतोष शर्मा, जयश्री मांगलिक, अंजू मांगलिक, तनु मांगलिक, आकांक्षा गुप्ता, अनीता गुप्ता, साक्षी गुप्ता, अर्चना गुप्ता, रेनू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor