आगरा की आवास विकास कॊलोनी में 31 झांकियों और 1108 दीपों की महाआरती के साथ निकली भगवान परशुराम की भव्य शोभायात्रा
आगरा। भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर आवास विकास क्षेत्र में भक्ति, उत्साह और सनातन आस्था का विराट स्वरूप उस समय देखने को मिला जब भावना क्लार्क इन से शुरू हुई चतुर्थ श्री परशुराम शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को जयघोषों से गुंजायमान कर दिया। ढोल-ताशों की धुन पर थिरकते युवा, पुष्प वर्षा से होता स्वागत और एक से बढ़कर एक झांकियों ने माहौल को पूर्णतः भक्तिमय बना दिया। शोभायात्रा के समापन पर परशुराम चौक पर 1108 दीपों से भव्य महाआरती कर दिव्यता का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया गया।
संतों के सानिध्य में हुआ शुभारंभ
शोभायात्रा का शुभारंभ बाल्केश्वर महादेव मंदिर के महंत कपिल नागर, मनकामेश्वर मंदिर के महंत योगेश पुरी और लगड़े की चौकी मंदिर के महंत गोपी गुरु द्वारा आरती कर किया गया। यात्रा का आयोजन श्री परशुराम सेवा चरण सेवक समस्त सनातनी बंधुओं द्वारा किया गया।
31 झांकियों ने दिया धर्म और समरसता का संदेश
यात्रा संयोजक आशीष मिश्रा और हरिओम शुक्ला ने बताया कि भगवान विष्णु के छठवें अवतार महर्षि परशुराम के जन्मोत्सव पर यह शोभायात्रा निकाली गई। इसमें महाराणा प्रताप, राम दरबार, भारत माता, महालक्ष्मी, मेहंदीपुर बालाजी, पंचमुखी हनुमान, राधा-कृष्ण, सालासर बालाजी और ब्रह्मा-विष्णु-महेश सहित कुल 31 झांकियां शामिल रहीं, जिन्होंने सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया।
1108 दीपों से सजी महाआरती ने मोहा मन
चरण सेवक कैलाश नयारण मिश्रा और राहुल चतुर्वेदी ने बताया कि शोभायात्रा कैलाशपुरी स्थित भावना क्लार्क इन से प्रारंभ होकर आवास विकास के विभिन्न सेक्टरों में भ्रमण करते हुए भगवान परशुराम चौक पहुंची, जहां 1108 दीपों से भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। इसके बाद सुर वाटिका (सेंट्रल पार्क) पर सम्मान समारोह के साथ यात्रा का समापन हुआ।
तीन दिव्य डोले बने आकर्षण का केंद्र
चरण सेविका मोहिनी शर्मा और बबीता पाठक ने बताया कि शोभायात्रा में भगवान परशुराम, उज्जैन के महाकाल महादेव और खाटू नरेश के तीन दिव्य डोले विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। श्रद्धालु इन डोलों के दर्शन कर भाव-विभोर होकर आशीर्वाद लेते नजर आए।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाई भक्ति की रंगत
मथुरा की प्रसिद्ध मंडली द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। उज्जैन महाकाल की तर्ज पर डमरू टीम ने विशेष प्रस्तुति दी और गऊ पूजन भी संपन्न हुआ। सभी अतिथियों का स्वागत मदन मोहन शर्मा और अभिषेक शुक्ला ने किया।
जनप्रतिनिधि और गणमान्य रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा महानगर युवा मोर्चा अध्यक्ष शैलू पंडित, पार्षद गौरव शर्मा, पार्षद नितेश भारद्वाज, मोहिनी शर्मा, मानव गौरव शर्मा, विनोद गर्गाचार्य, विष्णु पाराशर, मुकेश पालीवाल, अनिल सारस्वत, अजय वशिष्ठ, डॉ. रामनिवास शर्मा, शिवम् दुबे, राजा पंडित, दीपेश अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।