हरा चारा बना जानलेवा? आगरा के पिढौरा क्षेत्र में एक साथ पांच मवेशियों की मौत

पिनाहट (आगरा)। थाना पिढ़ौरा क्षेत्र के नगूपुरा गांव में हरा चारा खाने के कुछ घंटे बाद एक किसान के पांच मवेशियों की अचानक मौत हो गई। एक साथ पांच पशुओं की मौत से किसान के परिवार में कोहराम मच गया, वहीं घटना की जानकारी मिलते ही गांव वाले भी सकते में आ गये। किसान ने चारे के कारण पशुओं की मौत होने की आशंका जताते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जांच की है और चिकित्सकों की टीम द्वारा मृत पशुओं का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Sep 4, 2026 - 13:40
 0
हरा चारा बना जानलेवा? आगरा के पिढौरा क्षेत्र में एक साथ पांच मवेशियों की मौत
आगरा के पिढौरा क्षेत्र के नगपुरा गांव में हरा चारा खाने के बाद मरे पशु।

नगूपुरा निवासी रामराज शर्मा पुत्र विजय राम शर्मा गुरुवार शाम अपने खेत से हरा चारा काटकर घर लाए थे। उन्होंने घर में बंधे अपने मवेशियों को वही चारा खिलाया। चारा खाने के करीब चार घंटे बाद अचानक पशुओं की हालत बिगड़ने लगी। पशु छटपटाने लगे और कुछ ही देर में पांच मवेशियों ने दम तोड़ दिया।

एक साथ पांच मवेशियों की मौत से किसान के परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी आसपास के ग्रामीणों को हुई तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों में इस बात को लेकर चिंता फैल गई कि आखिर एक साथ इतने पशुओं की अचानक मौत कैसे हुई।

किसान परिवार ने आशंका जताई है कि खेत से लाया गया हरा चारा विषैला हो सकता है और उसे खाने के बाद ही पशुओं की हालत बिगड़ी। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि पशुओं की मौत चारा खाने से ही हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। प्रशासन ने भी मौत के कारण की पुष्टि नहीं की है।

उप जिलाधिकारी बाह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर जाकर जांच की गई है। पशु चिकित्सकों की टीम द्वारा मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पशुओं की मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।

फिलहाल प्रशासन की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सभी की नजर है। यदि चारे में किसी जहरीले पदार्थ की मौजूदगी सामने आती है तो यह भी जांच का विषय होगा कि वह चारा किस स्थान से लाया गया था और उसमें विषैला तत्व कैसे पहुंचा।

थाना पिढ़ौरा क्षेत्र के नगूपुरा गांव में हुई इस घटना ने दूसरे पशुपालकों की चिंता बढ़ा दी है। एक साथ पांच मवेशियों की मौत से ग्रामीण भी सहमे हुए हैं और मामले की वास्तविक वजह सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।

SP_Singh AURGURU Editor