पूर्णाहुति के साथ संपन्न हुआ गुप्त नवरात्र महायज्ञ: कन्या पूजन के बीच मां पीतांबरा से विश्व कल्याण की कामना

आगरा। वजीरपुरा स्थित प्राचीन सीताराम मंदिर में गुप्त नवरात्र के उपलक्ष्य में नौ दिनों से चल रहे विशेष पूजन, शक्ति साधना, रात्रिकालीन हवन और धार्मिक अनुष्ठानों का समापन बुधवार को पूर्णाहुति, कन्या पूजन और भंडारे के साथ श्रद्धा एवं भक्तिभाव के वातावरण में हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने मां पीतांबरा से सुख, समृद्धि, आरोग्य और विश्व कल्याण की प्रार्थना की।

Jul 22, 2026 - 19:39
 0
पूर्णाहुति के साथ संपन्न हुआ गुप्त नवरात्र महायज्ञ: कन्या पूजन के बीच मां पीतांबरा से विश्व कल्याण की कामना
वजीरपुरा स्थित सीताराम मंदिर में नौ दिवसीय गुप्त नवरात्र के अंतिम दिन मंदिर में मौजूद श्रद्धालु।

प्राचीन सीताराम मंदिर, वजीरपुरा में आयोजित नौ दिवसीय गुप्त नवरात्र महोत्सव के अंतिम दिन सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार विशेष हवन में पूर्णाहुति अर्पित की गई। श्रद्धालुओं ने मां पीतांबरा के जयकारों के बीच यज्ञ में आहुति देकर परिवार, समाज और विश्व के कल्याण की मंगलकामना की।

मंदिर के महंत अनंत उपाध्याय ने कहा कि गुप्त नवरात्र आत्मशुद्धि, साधना और शक्ति उपासना का अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है। नौ दिनों तक विधि-विधान से मां भगवती की आराधना, जप, हवन और साधना करने से साधकों को आध्यात्मिक ऊर्जा, आत्मबल तथा देवी की विशेष कृपा प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि पूर्णाहुति केवल यज्ञ का समापन नहीं, बल्कि श्रद्धा, समर्पण और संकल्प की पूर्णता का प्रतीक है।

मनीष अग्रवाल ने कहा कि कन्या पूजन भारतीय सनातन परंपरा का अभिन्न अंग है। कन्याओं में मां आदिशक्ति का स्वरूप मानकर उनका पूजन करने से जीवन में सुख, समृद्धि और सौभाग्य की प्राप्ति होती है। पूजन के बाद कन्याओं को श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया तथा दक्षिणा और उपहार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया।

समापन अवसर पर मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का विशेष वातावरण बना रहा। मां पीतांबरा के जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूर्णाहुति एवं भंडारे में सहभागिता कर धर्मलाभ प्राप्त किया।

इस अवसर पर सुजाता अग्रवाल, वामिका, महिमा, अशोक गोयल, दीपक गोला, दीपक गुप्ता, शिप्रा, पंडित मुकेश शर्मा, ममता उपाध्याय, आयुष उपाध्याय, अरुण उपाध्याय, हनी, बॉबी, विक्रम सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor