700 छात्रों का हेल्थ चेकअप, ‘स्वीट टूथ’ का स्कूल में जागरूकता अभियान, मुस्कान के साथ सेहत का संदेश
आगरा के रघेंद्र स्वरूप पब्लिक स्कूल में ‘स्वीट टूथ डेंटल क्लिनिक’ द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 700 से अधिक छात्रों का ओरल व सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। बच्चों को दांतों की देखभाल और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
आगरा। आगरा में बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य को लेकर एक सराहनीय पहल देखने को मिली, जहां स्वीट टूथ डेंटल क्लिनिक के तत्वावधान में रागेन्द्र स्वरूप पब्लिक स्कूल में एक व्यापक ओरल एवं सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस विशेष शिविर का नेतृत्व प्रख्यात दंत विशेषज्ञ डॉ. सुलभ जैन ने किया। उनके साथ लगभग 15 सदस्यों की प्रशिक्षित टीम ने पूरे समर्पण के साथ बच्चों की जांच और परामर्श में भागीदारी निभाई।
शिविर में नर्सरी से लेकर 12वीं कक्षा तक के 700 से अधिक छात्रों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान बच्चों में दांतों से जुड़ी कई सामान्य समस्याएं सामने आईं, जिनमें कैविटी (दांतों में कीड़ा), मसूड़ों की सूजन, दांतों की असमानता (मैलोक्लूजन) और मुंह की दुर्गंध प्रमुख रहीं।
विशेषज्ञों ने न केवल इन समस्याओं की पहचान की, बल्कि बच्चों को सही तरीके से ब्रश करने की तकनीक भी सिखाई। साथ ही संतुलित आहार, मीठे खाद्य पदार्थों के सीमित सेवन और नियमित डेंटल चेक-अप के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
शिविर को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे, जहां टीम के सदस्यों ने क्रमवार छात्रों की जांच की। पूरे आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विशेष रूप से प्राचार्य श्रीमती ऋचा सिन्हा और शिक्षिका श्रीमती संध्या त्रिपाठी का सहयोग सराहनीय रहा।
इस अवसर पर डॉ. सुलभ जैन ने कहा कि बच्चों में शुरुआती स्तर पर ही स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान करना बेहद जरूरी है, ताकि समय रहते उनका समाधान किया जा सके और भविष्य में गंभीर बीमारियों से बचाव हो सके। विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल को एक प्रभावी स्वास्थ्य जागरूकता अभियान बताते हुए टीम का आभार जताया। वहीं, डॉ. जैन और उनकी टीम ने भी विद्यालय के सहयोग और बेहतर समन्वय के लिए धन्यवाद दिया।
यह शिविर केवल स्वास्थ्य परीक्षण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि छात्रों में जागरूकता बढ़ाने का एक मजबूत माध्यम बनकर उभरा। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम जारी रखने का संकल्प लिया।