एक छत के नीचे मिलेंगी स्वास्थ्य सेवाएं, 21 जून को लायंस क्लब फ्रेंड्स महान लगाएगा हेल्थ कैंप
लायंस क्लब फ्रेंड्स महान 21 जून को कमला नगर बाईपास स्थित उत्सव मैरेज हॉल में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करेगा। मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के विशेषज्ञ चिकित्सक विभिन्न रोगों की जांच एवं परामर्श देंगे। शिविर के लिए अब तक 550 से अधिक मरीज पंजीकरण करा चुके हैं।
आगरा। लायंस क्लब फ्रेंड्स महान की ओर से 21 जून को कमला नगर बाईपास स्थित उत्सव मैरेज हॉल में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में साकेत स्थित मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सक विभिन्न रोगों से संबंधित परामर्श एवं जांच सेवाएं प्रदान करेंगे। शुक्रवार को वाटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में क्लब पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य शिविर के पोस्टर का विमोचन कर इसकी विस्तृत जानकारी दी।
लायंस क्लब फ्रेंड्स महान के अध्यक्ष अतुल बंसल ने बताया कि शिविर में हृदय रोग, हड्डी रोग, पेट एवं पित्ताशय रोग, यूरोलॉजी, फेफड़ा रोग तथा स्त्री रोग से संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों का निःशुल्क परीक्षण कर आवश्यक परामर्श देंगे। शिविर प्रातः 9 बजे से अपराह्न 3 बजे तक संचालित होगा। इसके बाद अपराह्न 3 बजे स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. कनिका बत्रा महिलाओं के स्वास्थ्य एवं जागरूकता विषय पर विशेष संवाद सेमिनार आयोजित करेंगी।
क्लब के सचिव योगेश अग्रवाल ने बताया कि स्वास्थ्य शिविर को लेकर लोगों में भारी उत्साह है। अब तक आगरा मंडल के 550 से अधिक मरीज प्री-रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराना है, ताकि समय रहते बीमारियों की पहचान और उपचार संभव हो सके।
उन्होंने बताया कि शिविर में ब्लड प्रेशर, रैंडम ब्लड शुगर, ईसीजी, बीएमडी (बोन मिनरल डेंसिटी), मेमोग्राफी, पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट तथा विभिन्न प्रकार की रक्त जांच की सुविधाएं भी निःशुल्क उपलब्ध रहेंगी। शिविर के समापन पर महिलाओं के स्वास्थ्य, जागरूकता और बेहतर जीवनशैली से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत चर्चा की जाएगी।
पोस्टर विमोचन के अवसर पर कोषाध्यक्ष सुनील सिंघल, रजत अग्रवाल, पार्षद मुरारी लाल गोयल, अमित अग्रवाल पारुल, गिर्राज बंसल, हरिओम बाबा, बी.एम. तापड़िया, राजेश जैन, नरेश अग्रवाल, जितेंद्र अग्रवाल, प्रवीण गोयल, द्वारिका प्रसाद अग्रवाल, जितेंद्र जैन, अजय सुगंधी, मनोज अलंकार, अनिल लक्स, अनिल उत्सव सहित क्लब के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।