आगरा के शमसाबाद क्षेत्र में ट्रक के केबिन में ड्राइवर की हत्या करने वाला खलासी 24 घंटे में गिरफ्तार
आगरा। शमसाबाद थाना क्षेत्र में ट्रक चालक की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी खलासी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, ट्रक के केबिन में चालक और खलासी के बीच हुए विवाद के दौरान खलासी ने चालक के सीने में चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
केबिन में विवाद के बाद की हत्या
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई की रात करीब 11 बजे ट्रक के अंदर चालक और खलासी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि खलासी ने चालक के सीने में चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
24 घंटे में आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना शमसाबाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने इरादतनगर बाईपास पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हत्या के मामले का खुलासा 24 घंटे के भीतर होने पर पुलिस की कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
आंध्र प्रदेश का रहने वाला है आरोपी, हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कम्मलगंटी गागराजु उर्फ नागराजू के रूप में हुई है। वह आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले के बंटूमिल्ली, थाना बंटूमिल्ली, मछलीपट्टम का निवासी है और ट्रक में खलासी के रूप में कार्य करता था। पुलिस पूछताछ में आरोपी से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की जा रही है।