ताजमहल में ईद की नमाज पर हिंदू महासभा का विरोध, कार्यकर्ताओं को पुलिस ने किया नजरबंद

ताजमहल परिसर में ईद-उल-अजहा की नमाज को लेकर अखिल भारत हिंदू महासभा ने विरोध जताया। विरोध की आशंका के चलते पुलिस ने संगठन के कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को नजरबंद कर दिया। कार्यकर्ताओं ने ताजमहल में नमाज का विरोध करते हुए नारेबाजी की, जबकि पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखते हुए किसी को भी ताजमहल की ओर बढ़ने नहीं दिया।

May 28, 2026 - 11:23
 0
ताजमहल में ईद की नमाज पर हिंदू महासभा का विरोध, कार्यकर्ताओं को पुलिस ने किया नजरबंद
हिन्दू महासभा के शहर अध्यक्ष को नजरबंद करने पहुंची पुलिस का विरोध करते कार्यकर्ता।

“बम-बम भोले” और “जय श्रीराम” के लगे नारे

आगरा। आगरा में ताजमहल परिसर में ईद-उल-अजहा की नमाज अदा किए जाने को लेकर अखिल भारत हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश देखने को मिला। नमाज के विरोध की घोषणा के बाद गुरुवार सुबह पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया।

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अखिल भारत हिंदू महासभा के कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को उनके घरों पर ही नजरबंद कर दिया, ताकि किसी प्रकार का विवाद या कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो सके।

महानगर अध्यक्ष को सुबह से रखा नजरबंद

हिंदू महासभा के महानगर अध्यक्ष विशाल कुमार को शाहगंज स्थित उनके निवास पर सुबह से ही पुलिस निगरानी में रखा गया। थाना शाहगंज इंस्पेक्टर पुलिस फोर्स के साथ मौके पर मौजूद रहे और कार्यकर्ताओं को ताजमहल की ओर बढ़ने से रोका गया। इसके अलावा जिला अध्यक्ष मीरा राठौर, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष नीतू ठाकुर, महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष निशा ठाकुर समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने नजरबंद किया।

महाशिवरात्रि पर फ्री नहीं, तो ईद पर क्यों?

जिला अध्यक्ष मीरा राठौर ने प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब महाशिवरात्रि जैसे हिंदू पर्व पर ताजमहल परिसर को श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क नहीं खोला जाता, तो ईद की नमाज के लिए तीन घंटे तक ताजमहल को फ्री क्यों किया गया। उन्होंने कहा कि प्रशासन को सभी धर्मों के प्रति समान नीति अपनानी चाहिए।

ताजमहल में नमाज का विरोध जारी रहेगा

हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने ताजमहल परिसर में नमाज अदा किए जाने का तीव्र विरोध जताया। महिला मोर्चा से जुड़ी नेताओं ने कहा कि आने वाले समय में संगठन ताजमहल को गंगाजल से शुद्ध करने का अभियान चलाएगा। कार्यकर्ताओं ने पुलिस मौजूदगी के बीच “बम-बम भोले”, “जय श्रीराम” और “ताजमहल में नमाज नहीं होने देंगे” जैसे नारे लगाए।

सुरक्षा व्यवस्था रही सख्त

विरोध प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। शाहगंज क्षेत्र सहित संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने लगातार हालात पर नजर बनाए रखी और किसी भी कार्यकर्ता को ताजमहल की ओर बढ़ने नहीं दिया। प्रशासन का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी को भी माहौल बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद

इस दौरान संगठन से जुड़े कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें मंडल अध्यक्ष मनीष पंडित, विपिन राठौर, नितेश भारद्वाज, मीरा राठौर, नीतू ठाकुर, निशा ठाकुर, बाबू भाई, ओमप्रकाश ताऊजी, नंदू भाई, आरती राजपूत, रेखा देवी, जिला मीडिया प्रभारी बबलू निषाद, सागर चौहान, सिकंदर भाई, मनीष कुमार, ऋषभ भाई और महेश उर्फ गांधी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।