फूलों की होली, अघोरी रंग और सांस्कृतिक छटा, भाविप नवज्योति शाखा का होली महोत्सव बना यादगार

आगरा में भारत विकास परिषद नवज्योति शाखा द्वारा फतेहाबाद रोड स्थित प्रिंस ग्रीन रिसोर्ट्स में भव्य होली महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ठाकुरजी संग होली, वृंदावन के कलाकारों द्वारा फूलों की होली, राधा-कृष्ण नृत्य, अघोरी होली और अवध होली की झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, हास्य कविताओं और लोकगीतों के बीच शाखा सदस्यों ने उत्साहपूर्वक होली उत्सव का आनंद लिया।

Mar 17, 2026 - 16:39
 0
फूलों की होली, अघोरी रंग और सांस्कृतिक छटा, भाविप नवज्योति शाखा का होली महोत्सव बना यादगार
भाविप के होली मिलन समारोह में मौजूद पदाधिकारी व सदस्य।

आगरा। भारत विकास परिषद की नवज्योति शाखा की ओर से फतेहाबाद रोड स्थित प्रिंस ग्रीन रिसोर्ट्स में रंग, उमंग और सांस्कृतिक उल्लास से भरपूर भव्य होली महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ब्रज की परंपरा, धार्मिक भावनाओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का ऐसा सुंदर संगम देखने को मिला, जिसने उपस्थित सभी लोगों को उत्सव के रंग में सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ शाखा के संस्थापक सतीश गोयल (गुड्डन भाई), संजीव अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल, अरविन्द चौधरी, गौरव बंसल और संरक्षक अजय शिवहरे ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ ही होली महोत्सव की शुरुआत पारंपरिक और आध्यात्मिक माहौल में हुई।

वृंदावन की फूलों की होली ने बांधा समां

शाखा अध्यक्ष सीए दीपिका मित्तल ने बताया कि होली महोत्सव में ठाकुरजी संग होली का विशेष आयोजन किया गया, जिसने श्रद्धा और उल्लास का अनूठा वातावरण बनाया। इसके साथ ही वृंदावन से आए कलाकारों ने फूलों की होली प्रस्तुत कर कार्यक्रम में ब्रज संस्कृति की मनमोहक छटा बिखेर दी। राधा-कृष्ण की होली पर आधारित मनोहारी नृत्य प्रस्तुति ने सांस्कृतिक संध्या में चार चांद लगा दिए। कलाकारों की भावपूर्ण अभिव्यक्ति और रंग-बिरंगे मंचन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

अघोरी होली और अवध होली की झांकियों ने किया आकर्षित

शाखा सचिव अनिल अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष के होली महोत्सव की खास आकर्षण अघोरी होली और भगवान रामचंद्र की अवध होली की विशेष झांकियां रहीं। इन प्रस्तुतियों ने होली के विभिन्न सांस्कृतिक और धार्मिक स्वरूपों को एक मंच पर जीवंत कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान शाखा के सदस्यों ने मयूर नृत्य पर जमकर प्रस्तुति दी और उत्साह के साथ होली के रंगों का आनंद लिया। महिलाओं ने बच्चों को फाग के पारंपरिक लोकगीतों से परिचित कराया, जिससे नई पीढ़ी को लोकसंस्कृति से जोड़ने का सुंदर प्रयास भी देखने को मिला।

हास्य कविताओं ने बिखेरी मुस्कान

कार्यक्रम में नीलू जैन और अमित अग्रवाल ने अपनी हास्य कविताओं से उपस्थित जनों को खूब गुदगुदाया। उनके हल्के-फुल्के अंदाज और व्यंग्यात्मक प्रस्तुति ने माहौल को और भी आनंदमय बना दिया।

होली महोत्सव में रंगों, संगीत, नृत्य, लोकसंस्कृति और हास्य का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। उपस्थित सदस्यों ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और उत्सव का भरपूर आनंद उठाया।

ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित

इस अवसर पर कोषाध्यक्ष अंकुर अग्रवाल, रजनीश गुप्ता, संजय गुप्ता, अनुराग भटनागर, सीमा गोयल, शशि अग्रवाल, नीता अग्रवाल, निधि बंसल, अंजना शिवहरे, डॉ. कल्पना अग्रवाल, मंजू गुप्ता, सोनल भटनागर, रौनक गुप्ता, मनोज मंगल, मोहित अग्रवाल, पवन बंसल, अंकुश मित्तल, अमित गर्ग, संदीप मित्तल, संजय वर्मा, नरेंद्र गर्ग, सुभाष अग्रवाल, संजय गोयल, स्पर्श जैन, पंकज खंडेलवाल, सुरेश अग्रवाल, आनंद मंगल सहित बड़ी संख्या में शाखा सदस्य एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।