साहित्य साधना का सम्मान: डॉ. शुभदा पाण्डेय की पुस्तक के लोकार्पण में जुटा देशभर का साहित्य जगत
आगरा। होटल भावना क्लार्क पैलेस में आयोजित भव्य साहित्यिक समारोह में वरिष्ठ साहित्यकार एवं शिक्षाविद् डॉ. शुभदा पाण्डेय की पुस्तक "साहित्य साधना: विविध आयाम" का लोकार्पण देशभर से आए प्रख्यात साहित्यकारों और विद्वानों की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। खास संयोग यह रहा कि लोकार्पण समारोह के दिन ही डॉ. शुभदा पाण्डेय का जन्मदिवस भी था, जिससे आयोजन साहित्यिक उत्सव के साथ जन्मदिन के उल्लास में बदल गया।
सामाजिक संस्था लीडर्स आगरा के तत्वावधान में होटल भावना क्लार्क पैलेस के सभागार में आयोजित पुस्तक लोकार्पण एवं लेखक सम्मान समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके बाद संस्था के अध्यक्ष डॉ. पार्थसारथी शर्मा ने देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए साहित्यकारों, विद्वानों और अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में डॉ. शुभदा पाण्डेय की पुस्तक "शुभदा पाण्डेय की साहित्य साधना: विविध आयाम" का विधिवत लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर देश के विभिन्न प्रांतों से पहुंचे साहित्यकारों ने उनकी साहित्यिक यात्रा, रचनात्मक योगदान और शिक्षा जगत में उनकी भूमिका की सराहना की।
डॉ. शुभदा पाण्डेय के साहित्यिक योगदान की सराहना
लीडर्स आगरा के महामंत्री सुनील जैन ने डॉ. शुभदा पाण्डेय के साहित्यिक अवदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनकी लेखनी ने साहित्य जगत को समृद्ध किया है।
देशभर के साहित्यकारों ने बढ़ाई समारोह की गरिमा
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर के वरिष्ठ साहित्यकार गिरीश पंकज उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में दिल्ली विश्वविद्यालय के कैलाश नाथ तिवारी, चित्तौड़गढ़ के अब्दुल सत्तार, सिलीगुड़ी की प्रो. कल्पना सिंह, डॉ. प्रो. चित्रलेखा सिंह, प्रो. बीना शर्मा, प्रो. लक्ष्मी पाण्डेय और वसंती पवार शामिल रहीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता गिरीश पंकज ने की। उन्होंने कहा कि साहित्य के क्षेत्र में डॉ. शुभदा पाण्डेय का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सर्वोदय नेता विनोबा भावे के साहित्यिक और सामाजिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि वे उनके जीवन और विचारों पर 18 खंडों में कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम का कुशल संचालन अब्दुल सत्तार, चित्तौड़गढ़ ने किया।
साहित्य और समाज के प्रति योगदान को किया नमन
समारोह में उपस्थित सभी वक्ताओं ने डॉ. शुभदा पाण्डेय की निरंतर साहित्य साधना, शिक्षा जगत में योगदान और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की प्रशंसा की। वक्ताओं ने कहा कि उनकी रचनाएं नई पीढ़ी को साहित्य, संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य कर रही हैं।
कार्यक्रम के अंत में लीडर्स आगरा की ओर से बाहर से आए अतिथियों का सम्मान किया गया। संस्था के सुनील जैन, स्वीटी चौहान, सुनील बग्गा, राहुल जैन, रामेन्द्र शर्मा, रितुराज दुबे, आयुषी गुप्ता, रोबिन जैन, सृष्टि दुबे, राहुल कुमार और धर्मेंद्र जी ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।