24 अप्रैल को आईसीएसआई सेमिनार से आगरा के उद्योग जगत को मिलेगा नया विजन: कॉनफ्लूएंस’ से बनेगा प्रोफेशन और बिज़नेस का गठजोड़
आगरा। शहर के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने की पहल के तहत आगरा चैप्टर ऑफ एनआईआरसी ऑफ आईसीएसआई द्वारा आयोजित कॉनफ्लूएंस ऑफ बिज़नेस एंड प्रोफेशन सेमिनार के आमंत्रण पत्र का विमोचन मंगलवार को नेहरू नगर स्थित कार्यालय में किया गया। यह सेमिनार 24 अप्रैल को फतेहाबाद रोड स्थित होटल जेपी पैलेस में आयोजित होगा, जो उद्योग और प्रोफेशन के संगम का एक सशक्त मंच बनने जा रहा है।
उद्योग और प्रोफेशन का होगा संगम
आगरा चैप्टर के अध्यक्ष सीएस अनुज अशोक ने बताया कि इस विशेष सेमिनार में कंपनी सेक्रेटरी (सीएस) प्रोफेशनल्स और उद्योगपतियों के बीच समन्वय स्थापित कर शहर के औद्योगिक विकास को नई गति देने पर चर्चा होगी।
उन्होंने कहा कि मंच पर शहर के प्रतिष्ठित उद्योगपति पैनलिस्ट के रूप में अपने अनुभव साझा करेंगे, जिससे स्थानीय उद्योगों को व्यावहारिक मार्गदर्शन मिलेगा। कार्यक्रम में आईसीएसआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन जी चंद्रक विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
स्थानीय स्तर पर मिलेगा उच्चस्तरीय मार्गदर्शन
संयोजक सीएस तरीन रावत ने बताया कि यह आयोजन केवल चर्चा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उद्योग और प्रोफेशनल्स के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने की दिशा में ठोस पहल साबित होगा।
इससे स्थानीय उद्यमियों को उच्चस्तरीय प्रोफेशनल मार्गदर्शन आगरा में ही उपलब्ध होगा और उन्हें महानगरों की ओर रुख करने की आवश्यकता कम होगी।
सचिव सीएस नीतू अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आयोजनों से पारंपरिक उद्योगों को नई सोच और आधुनिक कार्यप्रणाली अपनाने की प्रेरणा मिलेगी, जिससे वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर सकेंगे।
आगरा को मिलेगा औद्योगिक ऊर्जा का नया केंद्र
प्रोग्राम डायरेक्टर सीएस तूलिका बंसल ने बताया कि यह सेमिनार आगरा के औद्योगिक परिदृश्य को नई ऊर्जा देगा और इसे एक उभरते हुए औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर आयशा महाजन, श्रुति गुप्ता, निखिल अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।