स्क्रैप की आड़ में ले जाई जा रही 60 लाख की अवैध शराब जब्त! आगरा की मलपुरा पुलिस ने पकड़ी 12,108 बोतलों की खेप, अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का खुलासा
आगरा। कमिश्नरेट की मलपुरा थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 60 लाख रुपये मूल्य की अंग्रेजी शराब की खेप बरामद की है। पंजाब के जिरकपुर से गोरखपुर भेजी जा रही इस खेप को स्क्रैप की आड़ में ट्रक के जरिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने ट्रक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन और 4,200 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में अंतरराज्यीय शराब तस्करी के एक संगठित नेटवर्क के सक्रिय होने के संकेत मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर मलपुरा थाना क्षेत्र में संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक में स्क्रैप के पीछे छिपाकर रखी गई 492 पेटी अंग्रेजी शराब, जिसमें कुल 12,108 बोतलें थीं, बरामद हुईं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है।
स्क्रैप के पीछे छिपाकर ले जाई जा रही थी शराब
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तस्करों ने पुलिस और जांच एजेंसियों की नजर से बचने के लिए ट्रक में स्क्रैप लोड किया था। इसी स्क्रैप के पीछे शराब की पूरी खेप छिपाकर रखी गई थी, ताकि सामान्य मालवाहक वाहन का आभास हो और किसी को संदेह न हो।
दो तस्कर गिरफ्तार, पूछताछ में अहम खुलासे
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रक चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि शराब की खेप पंजाब के जिरकपुर से लोड की गई थी और उसे गोरखपुर पहुंचाया जाना था। आरोपियों ने यह भी बताया कि गोरखपुर पहुंचने के बाद राहुल नाम का कथित सरगना आगे डिलीवरी के निर्देश देने वाला था। गिरफ्तार दोनों आरोपी गुजरात के रहने वाले हैं। दोनों ने पूछताछ में बताया है कि उन्हें तो ट्रक देकर माल डिलीवर करने को कहा जाता था।
पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस का मानना है कि यह केवल एक खेप नहीं, बल्कि अंतरराज्यीय स्तर पर संचालित संगठित तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर शराब की सप्लाई चेन, वित्तीय लेनदेन, माल के स्रोत और गंतव्य सहित पूरे गिरोह की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस राहुल समेत नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में भी जुटी है।
सप्लाई चेन की होगी गहन जांच
कमिश्नरेट पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अवैध शराब की इस खेप का वास्तविक खरीदार कौन था, इसे किन-किन जिलों में खपाया जाना था और इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इससे पहले भी इसी तरीके से कितनी खेप विभिन्न राज्यों में भेजी जा चुकी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत विवेचना जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों के खिलाफ भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।