इंस्टाग्राम वाली मोहब्बत निकली साजिश, निकाह के बाद विवाहिता ने खोले प्रताड़ना के राज
आगरा के ताजगंज क्षेत्र की एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, मानसिक प्रताड़ना और निजी फोटो वायरल करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि सोशल मीडिया पर शुरू हुई बातचीत बाद में निकाह तक पहुंची, लेकिन शादी के बाद उसे लगातार प्रताड़ित किया गया। पुलिस ने बीएनएस और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आगरा। ताजगंज थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर शुरू हुई एक दोस्ती निकाह के बाद विवाद, प्रताड़ना और गंभीर आरोपों तक पहुंच गई। विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, मानसिक उत्पीड़न, अश्लील चैटिंग और निजी फोटो वायरल कर बदनाम करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता साजिया के मुताबिक करीब ढाई वर्ष पहले उसका रिश्ता हाथरस निवासी नाजिम पुत्र राशिद खान उर्फ दरोगा से तय हुआ था। रिश्ता तय होने के बाद दोनों के बीच मोबाइल फोन और इंस्टाग्राम पर बातचीत शुरू हुई। शुरुआत में बातचीत सामान्य रही, लेकिन धीरे-धीरे आरोपी ने शादी से पहले मिलने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। महिला का आरोप है कि बातचीत के दौरान आरोपी कई बार आपत्तिजनक मांगें करता था और रिश्ता तोड़ने की धमकी देकर मानसिक दबाव बनाता था।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने उसे कई अलग-अलग स्थानों पर बुलाया। आरोप है कि 17 नवंबर 2024 को सदर बाजार स्थित एक रेस्टोरेंट और केबिन में बुलाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया। सामाजिक बदनामी और रिश्ते टूटने के डर से उसने उस समय घटना की जानकारी किसी को नहीं दी।
इसके बाद 11 अप्रैल 2025 को दोनों का निकाह हो गया, लेकिन शादी के बाद भी विवाद खत्म नहीं हुआ। विवाहिता का आरोप है कि निकाह के बाद उसे पता चला कि उसका पति अन्य महिलाओं के संपर्क में था। विरोध करने पर आरोपी उसे धमकाने लगा और नौकरी के दौरान सहकर्मियों के साथ खिंचवाई गई तस्वीरों को वायरल करने की बात कहकर मानसिक दबाव बनाता रहा।
महिला ने आरोप लगाया कि गर्भावस्था के दौरान भी उसके साथ मारपीट की गई और जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए। सही इलाज न कराने और लगातार मानसिक उत्पीड़न से उसकी हालत बिगड़ती चली गई। पीड़िता ने बताया कि वह वर्तमान में चार माह की गर्भवती है।
आरोप यह भी है कि बाद में ससुराल पक्ष के लोग उसके मायके पहुंचे और वहां गाली-गलौज करते हुए फोटो वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी। इसके बाद शादी से पहले की सामान्य फोटो और वीडियो रिश्तेदारों तथा अन्य परिचितों में वायरल कर दिए गए।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने थाना ताजगंज में बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।