आगरा में आयोजित बौद्धिक संपदा अधिकार कार्यशाला ने सीएस विद्यार्थियों को दिया व्यवहारिक ज्ञान और करियर की नई दिशा
कठोर परिश्रम, अनुशासन और बौद्धिक दक्षता के प्रतीक बने सीएस विद्यार्थियों के लिए आगरा में एक प्रेरक और उत्साहवर्धक आयोजन देखने को मिला। द इंस्टीट्यूट ऒफ कंपनी सेक्रेटरीज ऒफ इंडिया (एनआईआरसी) आगरा चैप्टर द्वारा सीएस प्रोफेशनल एवं सीएस एग्जीक्यूटिव परीक्षा में सफल विद्यार्थियों के सम्मान के साथ-साथ तीन दिवसीय बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) कार्यशाला का विधिवत समापन किया गया।
आगरा। द इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया (एनआईआरसी), आगरा चैप्टर में आयोजित फेलिसिटेशन समारोह में परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को सराहना देना था, बल्कि उन्हें पेशेवर जीवन के लिए प्रेरित करना भी रहा।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय परिषद सदस्य शेखर गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि कंपनी सचिव का पेशा अनुशासन, निष्ठा और सतत अध्ययन की अपेक्षा करता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफलता केवल परीक्षा पास करने तक सीमित नहीं होती, बल्कि नैतिक मूल्यों, व्यावसायिक ईमानदारी और उत्कृष्ट कार्यशैली को अपनाने से ही वास्तविक उपलब्धि मिलती है।
समारोह में मथुरा के वरिष्ठ कंपनी सचिव बसंत कुमार चतुर्वेदी की भी उपस्थिति रही। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर प्रयास, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
आगरा चैप्टर के चेयरमैन अनुज अशोक ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बताया कि इसी अवसर पर तीन दिवसीय बौद्धिक संपदा अधिकार कार्यशाला के सफल आयोजन पर वक्ताओं और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यशाला में ट्रेडमार्क, कॉपीराइट, पेटेंट और डिज़ाइन पंजीकरण जैसे विषयों पर व्यावहारिक एवं विधिक जानकारी दी गई, जिससे विद्यार्थियों को पेशेवर दृष्टि से महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिला।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहीं हर्षिका अग्रवाल, जिन्होंने कंपनी सेक्रेटरी एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम में 55.39 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अखिल भारतीय 25वीं रैंक अर्जित की। उन्हें ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त सभी उत्तीर्ण विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
समारोह में आगरा चैप्टर की वाइस चेयरमैन निमिषा गोयल और सेक्रेटरी नीतू अग्रवाल सहित अनेक सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।