आगरा के इरादतनगर क्षेत्र में सर्राफ पर फायरिंग कर लाखों के आभूषण लूटने की कोशिश, बदमाश से भिड़े व्यापारी ने दिखाई बहादुरी, उंगली में लगी गोली, एक बदमाश के पकड़ में आने की भी चर्चा

आगरा। आगरा के थाना इरादतनगर क्षेत्र में सोमवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब तीन बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने एक सर्राफ से आभूषणों से भरा बैग लूटने का प्रयास किया। बदमाशों का डटकर मुकाबला करने पर सर्राफ पर गोली चला दी गई। गोली उनकी उंगली में लगी। वारदात के दौरान सर्राफ ने बहादुरी दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ लिया, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस ने नहीं की है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

Jun 15, 2026 - 23:08
 0
आगरा के इरादतनगर क्षेत्र में सर्राफ पर फायरिंग कर लाखों के आभूषण लूटने की कोशिश, बदमाश से भिड़े व्यापारी ने दिखाई बहादुरी, उंगली में लगी गोली, एक बदमाश के पकड़ में आने की भी चर्चा
सर्राफ थान सिंह वर्मा, जिनसे लूटपाट की कोशिश हुई।

दुकान बंद कर घर लौट रहे थे सर्राफ

जानकारी के अनुसार कस्बा इरादतनगर निवासी थान सिंह वर्मा पुत्र विशंभर वर्मा, ग्राम वृथला के रहने वाले हैं। इरादतनगर बाजार में उनकी पारुल ज्वेलर्स के नाम से आभूषणों की दुकान है। सोमवार रात करीब आठ बजे वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से अपने गांव वृथला लौट रहे थे। उनके बैग में सोने-चांदी के आभूषण रखे हुए थे।

पीछे से आए बदमाशों ने मारी लात, सड़क पर गिराया

बताया गया कि गांव पटपरा की पुलिया से कुछ दूरी आगे पहुंचते ही पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उनकी बाइक में लात मार दी। इससे वह सड़क पर गिर पड़े। गिरते ही बदमाश उनकी पीठ पर टंगे बैग को छीनने लगे, जिसमें लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण रखे थे।

लूट का विरोध किया तो चला दी गोली

सर्राफ ने बदमाशों का डटकर विरोध किया और एक बदमाश को पकड़ लिया। खुद को घिरता देख दूसरे बदमाश ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली थान सिंह वर्मा की उंगली में लगी, जिससे वह घायल हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के राहगीर मौके की ओर दौड़े, जिसके बाद बदमाशों में अफरा-तफरी मच गई।

राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही थाना इरादतनगर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल सर्राफ से घटना की जानकारी लेने के बाद पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

घायल सर्राफ थान सिंह वर्मा ने थाना इरादतनगर में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।