चैम्बर बैठक में गूंजा टीटीजेड से उद्योगों के संकट का मुद्दा, डिप्टी कलेक्टर नीलम तिवारी ने समझाई स्वगणना की पूरी प्रक्रिया

आगरा। नेशनल चैम्बर सभागार में शुक्रवार को आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में एक ओर जहां डिप्टी कलेक्टर नीलम तिवारी ने पहली बार लागू की जा रही स्वगणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी, वहीं दूसरी ओर टीटीजेड प्रतिबंधों से जूझ रहे आगरा के उद्योगों की समस्याएं भी जोरदार तरीके से उठाई गईं। बैठक की अध्यक्षता चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने की, जबकि संचालन पूर्व अध्यक्ष एवं एमएसएमई प्रकोष्ठ के चेयरमैन संजय गोयल ने किया। बैठक में जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त शैलेन्द्र सिंह भी मौजूद रहे, जिन्होंने उद्योगों, निर्यात और ओडीओपी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

May 16, 2026 - 17:23
 0
चैम्बर बैठक में गूंजा टीटीजेड से उद्योगों के संकट का मुद्दा, डिप्टी कलेक्टर नीलम तिवारी ने समझाई स्वगणना की पूरी प्रक्रिया
नेशनल चैंबर सभागार में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त शैलेंद्र सिंह और चैंबर पदाधिकारी।

भारत में पहली बार हो रही स्वगणना : नीलम तिवारी

डिप्टी कलेक्टर आगरा नीलम तिवारी ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से चैम्बर सदस्यों को स्वगणना की पूरी प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि भारत में पहली बार स्वगणना कराई जा रही है, जो भविष्य की सरकारी योजनाओं के लिए आधारभूत आंकड़े तैयार करेगी।

उन्होंने कहा कि 22 मई से 20 जून तक गणना निरीक्षक घर-घर जाकर गणना करेंगे। इसके लिए नागरिक स्वयं भी ऑनलाइन स्वगणना कर सकते हैं।

ऐसे होगी ऑनलाइन स्वगणना

नीलम तिवारी ने बताया कि स्वगणना के लिए नागरिकों को
se.census.gov.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद जिला चयन कर मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। ओटीपी सत्यापन के बाद लॉगिन किया जा सकेगा। पोर्टल पर घर का लोकेशन मैप में सेव करने के बाद 33 प्रश्नों का उत्तर देना होगा, जिनमें परिवार के सदस्यों की संख्या, भवन की स्थिति, रसोई, शौचालय, खाद्य सामग्री सहित अन्य जानकारियां शामिल होंगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि एक मोबाइल नंबर से केवल एक परिवार की स्वगणना की जा सकेगी। सभी सूचनाएं भरने के बाद फाइनल नंबर जनरेट होगा, जिसका प्रिंट सुरक्षित रखना होगा। बाद में गणना निरीक्षक घर पहुंचकर सत्यापन करेंगे।

हर सोसायटी में लगेंगे स्वगणना कैंप

डिप्टी कलेक्टर ने कहा कि स्वगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार की योजनाओं का सही क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा और वास्तविक लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंच सकेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी सोसायटियों में स्वगणना के लिए कैंप लगाए जाएंगे।

टीटीजेड पर प्रदेश सरकार गंभीर : शैलेन्द्र सिंह

जिला उद्योग केंद्र के उपायुक्त शैलेन्द्र सिंह ने उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि टीटीजेड को लेकर प्रदेश सरकार बेहद गंभीर है। उन्होंने बताया कि सीईसी रिपोर्ट में संशोधन कराने के लिए मुख्य सचिव स्तर से कार्रवाई प्रस्तावित है।

उन्होंने कहा कि आगरा के अन्य प्रमुख उत्पादों को भी ओडीओपी योजना में शामिल कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। मशीनों की खरीद पर सब्सिडी तथा टेक्निकल टेक्सटाइल्स पर इंसेंटिव देने की भी व्यवस्था है।

निर्यातकों के लिए होगी विशेष बैठक

उपायुक्त उद्योग ने बताया कि शीघ्र ही एक्सपोर्ट काउंसिल, एक्सपोर्ट प्रमोशन ब्यूरो और चैम्बर के संयुक्त तत्वावधान में बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें निर्यातकों को विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी।

टीटीजेड के कारण उद्योग हो रहे बर्बाद : मनोज बंसल

चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने कहा कि आगरा के उद्योग टीटीजेड की कठोर शर्तों से बुरी तरह प्रभावित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे उद्योगों को भी बिजली कनेक्शन नहीं दिए जा रहे, जिनसे किसी प्रकार का वायु प्रदूषण नहीं होता। इससे आगरा का औद्योगिक विकास लगातार पिछड़ रहा है।

उन्होंने उपायुक्त उद्योग शैलेन्द्र सिंह से मंडलायुक्त आगरा मंडल के साथ चैम्बर की विस्तृत बैठक आयोजित कराने की मांग की, ताकि टीटीजेड से जुड़े मुद्दों का समाधान निकाला जा सके।

बैठक में बड़ी संख्या में उद्योगपति रहे मौजूद

बैठक में चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल, पूर्व अध्यक्ष एवं एमएसएमई प्रकोष्ठ चेयरमैन संजय गोयल, उपाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, अम्बा प्रसाद गर्ग, कोषाध्यक्ष विनय मित्तल, पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, अनूप गोयल, नरेन्द्र तनेजा, प्रशांत जैन, राजेन्द्र कुमार अग्रवाल, गिरीश चंद गोयल, सुनील कुमार गर्ग, मनोज कुमार गुप्ता, चन्द्रवीर सिंह, राजेश अग्रवाल, स्वामी नाथ तिवारी, दिनेश कुमार जैन, सुशील बंसल, अपूर्व मित्तल, अम्बुज गोयल, विकास मित्तल, मयंक कुमार अग्रवाल, प्रशांत मित्तल, सतीश अग्रवाल, नारायन भरानी, राजेन्द्र गर्ग सहित बड़ी संख्या में उद्योगपति मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor