ताजमहल पूर्वी गेट पर धार्मिक यात्रा रोकने का मामला गरमाया, व्यापार मंडल के विरोध के बाद डीएम ने दिए निर्देश, अब आगे से नहीं रोकी जाएगी

आगरा। ताजमहल के पूर्वी गेट स्थित पाठक प्रेस बैरियर पर धार्मिक आयोजनों के दौरान कथा वाचकों के रथ और बग्घी को रोके जाने के मामले को लेकर ताजगंज व्यापार मंडल ने जिलाधिकारी से शिकायत की है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेश राठौर ने कलेक्ट्रेट में ज्ञापन देकर मांग की कि भविष्य में किसी भी धार्मिक आयोजन के दौरान गुरुजनों के रथ, बग्घी और कलश यात्रा को बैरियर पर न रोका जाए। जिलाधिकारी ने मामले में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने का आश्वासन दिया।

Jun 23, 2026 - 17:57
 0
ताजमहल पूर्वी गेट पर धार्मिक यात्रा रोकने का मामला गरमाया, व्यापार मंडल के विरोध के बाद डीएम ने दिए निर्देश, अब आगे से नहीं रोकी जाएगी
ताजमहल पूर्वी गेट पर पुलिस द्वारा रोकी गई धार्मिक यात्रा, जिसे लेकर प्रशासन के समक्ष आपत्ति जताई गई है।

राजेश राठौर ने बताया कि शिव महापुराण, श्रीमद्भागवत कथा और श्रीराम कथा जैसे धार्मिक आयोजनों में कथा वाचक गुरुजन परंपरागत रूप से बग्घी या रथ पर सवार होकर कलश यात्रा के साथ दशहरा घाट तक जाते हैं। उनका कहना है कि पहले कभी इस प्रकार धार्मिक यात्राओं को नहीं रोका गया।

उन्होंने बताया कि दो दिन पूर्व ताजगंज के व्यापारी विनोद जादौन द्वारा आयोजित श्रीराम कथा के दौरान कथा वाचक गुरुजनों की बग्घी को ताजमहल पूर्वी गेट स्थित पाठक प्रेस बैरियर पर पुलिस प्रशासन ने रोक दिया और वापस लौटा दिया। इस घटना से व्यापारियों और श्रद्धालुओं में रोष व्याप्त है।

इसी संबंध में राजेश राठौर ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर थाना ताजगंज और ताज सुरक्षा के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी करने की मांग की कि भविष्य में धार्मिक आयोजनों के दौरान गुरुजनों के रथ, बग्घी और कलश यात्रा को किसी प्रकार की बाधा न दी जाए।

व्यापार मंडल के अनुसार जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने का आश्वासन दिया और कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी तथा धार्मिक आयोजनों के दौरान कलश यात्रा और गुरुजनों के रथ अथवा बग्घी को नहीं रोका जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor