रीवा हादसे पर आगरा में फूटा जैन समाज का आक्रोश, श्रद्धांजलि सभा, आज निकलेगी संत सुरक्षा न्याय रैली

रीवा में आर्यिका श्री श्रुतमति माताजी और आर्यिका श्री उपशममति माताजी पर हुए हमले और समाधि मरण की घटना के विरोध में आगरा का जैन समाज एकजुट हो गया है। ट्रांसयमुना कॉलोनी में श्रद्धांजलि सभा और मौन जुलूस आयोजित किया गया। सोमवार को संत सुरक्षा और न्याय की मांग को लेकर ट्रांसयमुना से वाटरवर्क्स तक विशाल आक्रोश रैली निकाली जाएगी तथा कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपा जाएगा।

May 24, 2026 - 21:36
 0
रीवा हादसे पर आगरा में फूटा जैन समाज का आक्रोश, श्रद्धांजलि सभा, आज निकलेगी संत सुरक्षा न्याय रैली
रीवा की घटना के विरोध में श्रद्धांजलि सभा के बाद हाथों में मोमबत्तियां लेकर मौन जुलूस निकालते श्रद्धालु।

आगरा। मध्यप्रदेश के रीवा में आर्यिका श्री श्रुतमति माताजी एवं आर्यिका श्री उपशममति माताजी पर कार से हुए जघन्य हमले और उसके बाद हुए समाधि मरण की घटना को लेकर देशभर के जैन समाज में गहरा शोक और आक्रोश व्याप्त है। आचार्यश्री विद्यासागर जी महाराज की पावन परंपरा से जुड़ी आर्यिका माताजी के साथ हुई इस दर्दनाक घटना ने श्रद्धालुओं की भावनाओं को झकझोर दिया है। आगरा में भी जैन समाज संत सुरक्षा और न्याय की मांग को लेकर एकजुट हो गया है।

रविवार सायंकाल आचार्यश्री निर्भय सागर जी महाराज एवं निर्यापक मुनिश्री शिवदत्त सागर जी महाराज ससंघ के सानिध्य में श्री चन्द्रप्रभु दिगम्बर जैन मंदिर, ट्रांसयमुना कॉलोनी में भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा और मौन विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजबंधु शामिल हुए और दिवंगत आर्यिका माताजी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

शंका समाधान कार्यक्रम के पश्चात श्रद्धालुओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर मौन जुलूस निकाला। पूरा वातावरण श्रद्धा, वेदना और संत सुरक्षा के संकल्प से ओतप्रोत दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने कहा कि यह घटना केवल जैन समाज ही नहीं, बल्कि पूरे मानव समाज को झकझोर देने वाली है। संतों और साध्वियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना समाज और शासन दोनों की जिम्मेदारी है।

समाजजनों ने बताया कि पूज्य आर्यिका माताजी आचार्यश्री विद्यासागर जी महाराज की महान संत परंपरा की साध्वी थीं। उनके साथ हुई यह घटना अत्यंत दुखद, अमानवीय और निंदनीय है। इसी के विरोध में अब जैन समाज शांतिपूर्ण लेकिन प्रभावशाली तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेगा।

इसी क्रम में सोमवार प्रातः 6 बजे ट्रांसयमुना कॉलोनी से वाटरवर्क्स तक विशाल आक्रोश रैली निकाली जाएगी। आचार्यश्री निर्भय सागर जी महाराज ससंघ के सानिध्य में आयोजित होने वाली इस रैली में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं के शामिल होने की संभावना है। रैली के लिए पुरुषों हेतु सफेद वस्त्र तथा महिलाओं हेतु केशरिया साड़ी का ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है।

रैली के उपरांत प्रातः 10:30 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें संतों की सुरक्षा के लिए कठोर कदम उठाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी। वहीं, संध्याकाल कमलानगर में आयोजित जिज्ञासा समाधान कार्यक्रम में भी श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर दिवंगत आर्यिका माताजीओं को भावभीनी श्रद्धांजलि दी जाएगी।

सकल जैन समाज ट्रांसयमुना एवं ग्रेटर कमलानगर ने सभी समाजबंधुओं से अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर संत सुरक्षा और न्याय की इस मुहिम को मजबूत बनाने का आह्वान किया है। समाजसेवी मनोज जैन बाकलीवाल ने कहा कि यह आक्रोश रैली केवल विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि संत परंपरा के सम्मान, सुरक्षा और न्याय की सामूहिक आवाज बनेगी।