बरेली में जनता दर्शन अब लाइव निगरानी में, डीएम बोले- हर फरियादी को मिलेगा समयबद्ध न्याय

-आरके सिंह- बरेली। आमजन की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। अविनाश सिंह ने आज से तहसील मुख्यालयों पर आयोजित होने वाले जनता दर्शन कार्यक्रम की लाइव मॉनिटरिंग की शुरुआत कर दी है, जिससे अब हर फरियाद पर सीधे नजर रखी जाएगी और लापरवाही पर तुरंत कार्रवाई होगी।

May 2, 2026 - 17:15
 0
बरेली में जनता दर्शन अब लाइव निगरानी में, डीएम बोले- हर फरियादी को मिलेगा समयबद्ध न्याय
जनता दर्शन की लाइव निगरानी करते जिलाधिकारी अविनाश सिंह।

सुबह 10 से 12 बजे तक जनता दर्शन पर सीधी नजर

जिलाधिकारी ने जनपद मुख्यालय से वर्चुअल माध्यम से सभी तहसीलों में चल रहे जनता दर्शन कार्यक्रम की निगरानी की। उन्होंने उपजिलाधिकारियों से सीधा संवाद कर साफ निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा तय समय सीमा में उसका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री की मंशा को धरातल पर उतारने की पहल

यह व्यवस्था योगी आदित्यनाथ की उस पहल का विस्तार है, जिसमें जिलाधिकारियों द्वारा जनता दर्शन की लाइव मॉनिटरिंग शुरू की गई थी। अब उसी मॉडल को जनपद स्तर पर लागू करते हुए बरेली में इसे सख्ती से अमल में लाया गया है।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि शिकायतों के निस्तारण में देरी या ढिलाई पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

ब्लॉक और नगर निकाय कार्यालय भी आए दायरे में

डीएम ने निर्देश दिए कि तहसील मुख्यालयों की तरह ही अब खंड विकास अधिकारियों और नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों के कार्यालयों में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम की भी लाइव मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। यह निगरानी तहसील स्तर से ही नियमित रूप से की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनता दर्शन शासन की प्राथमिकता वाला कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर शिकायत के निस्तारण में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहनी चाहिए।

SP_Singh AURGURU Editor