दिल्ली से आगरा तक फैला ‘जीवा ज्वैलरी गैंग’ बेनकाब, 5 शातिर चोर दबोचे, माल नेपाल में खपाने की थी तैयारी
आगरा के ताजगंज स्थित जीवा ज्वैलरी शोरूम में सात-आठ जुलाई की रात हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से सोना, नकदी, नेपाली मुद्रा और मोबाइल बरामद हुए हैं। बिहार के पूर्वी चंपारण निवासी आरोपी चोरी के माल को दिल्ली और नेपाल में खपाने की तैयारी कर रहे थे। गिरोह का सरगना उमेश शाह है, जिस पर पहले से गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज है। गिरोह के दो सदस्य अभी फरार हैं।
आगरा। आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र में फतेहाबाद रोड स्थित जीवा (GIVA) ज्वैलरी स्टोर में हुई करोड़ों की चोरी के मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। ताजगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 116.3 ग्राम सोना, 1.18 लाख रुपये नकद, 35 हजार नेपाली मुद्रा, छह मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद किए गए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह बिहार के पूर्वी चंपारण जिले का रहने वाला है और उसका गांव नेपाल सीमा से सटा हुआ है। गिरोह के सदस्य चोरी के माल को नेपाल और दिल्ली में खपाने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी किए गए माल का एक हिस्सा बिहार में पहले ही बेच चुके थे, जबकि बाकी सोने को पिघलाकर बाजार में उतारने की योजना थी।
कई दिनों तक की रेकी, फिर दिया वारदात को अंजाम
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी दिल्ली से ट्रेन के जरिए आगरा पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने टैक्सी किराए पर लेकर फतेहाबाद रोड स्थित जीवा ज्वैलरी शोरूम की रेकी की। चार जुलाई को आगरा पहुंचकर गिरोह ने पूरे इलाके का जायजा लिया और फिर मथुरा जाकर ठहर गया। सात जुलाई को गिरोह के सदस्य दोबारा आगरा लौटे और सात-आठ जुलाई की रात सुनियोजित तरीके से शोरूम में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी के दौरान गिरोह का एक सदस्य शटर के बाहर सफेद कपड़ा बिछाकर निगरानी करता रहा, ताकि किसी को शक न हो और साथी आराम से अंदर चोरी कर सकें।
दिल्ली के शोरूम भी बना चुके हैं निशाना
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी इससे पहले दिल्ली के रोहिणी और प्रीत विहार स्थित जीवा ज्वैलरी स्टोर्स में भी बड़ी चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस अब इन वारदातों के संबंध में दिल्ली पुलिस से भी संपर्क कर रही है। गिरोह का सरगना उमेश शाह बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ गाजियाबाद में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस के मुताबिक, उमेश लंबे समय से चोरी की वारदातों में सक्रिय है और उसी के नेतृत्व में पूरा गिरोह काम करता था।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि गिरोह के दो सदस्य छोटू और रियाज अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क, अन्य राज्यों में दर्ज मुकदमों और उनके नेपाल कनेक्शन की भी जांच कर रही है। पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। आशंका है कि यह गिरोह उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार और नेपाल तक फैले एक बड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी का माल किन-किन चैनलों के जरिए दूसरे राज्यों और नेपाल तक पहुंचाया जाता था।