आगरा के जैतपुर में 15 हजार की रिश्वत लेते जेई और संविदाकर्मी गिरफ्तार, एंटी करप्शन की कार्रवाई से बिजली विभाग में हड़कंप
आगरा। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के जैतपुर उपखंड में एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वत लेने के आरोप में जेई राजकुमार और संविदाकर्मी आनंद को गिरफ्तार किया है। दोनों को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े जाने की सूचना है। कार्रवाई के बाद विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया, हालांकि मामले को लेकर विद्युत अधिकारियों ने फिलहाल चुप्पी साध रखी है। उपखंड अधिकारी जैतपुर ने कार्रवाई की पुष्टि की है।
बताया गया है कि अभयपुरा में तैनात जेई राजकुमार और संविदाकर्मी आनंद ने मढ़ेपुरा गांव के एक विद्युत उपभोक्ता से कथित तौर पर 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन विभाग में की थी। उपभोक्ता की शिकायत के आधार पर एंटी करप्शन टीम ने कार्रवाई की और दोनों को रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ लिया।
कार्रवाई के बाद एंटी करप्शन टीम दोनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई में जुटी है। कार्रवाई की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में भी खलबली मच गई।