नरायच में कुल्फी कारोबारी पर दबंगई, पथराव-मारपीट के बीच तमंचा लहराकर दी जान से मारने की धमकी
आगरा के नरायच क्षेत्र में कुल्फी कारोबारी से विवाद के दौरान दो पक्षों में जमकर पथराव और मारपीट हुई। आरोपियों ने कारोबारी को डराने के लिए तमंचा लहराकर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की सूचना पर 112 नंबर और टेड़ी बगिया पुलिस मौके पर पहुंची और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस फरार आरोपियों और तमंचे की तलाश में जुटी है।
पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा टला, एक आरोपी मौके से गिरफ्तार
आगरा। आगरा के थाना ट्रांसयमुना क्षेत्र स्थित नरायच इलाके में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि जमकर पथराव और मारपीट होने लगी। विवाद के दौरान लात-घूंसे चले और इलाके में दहशत का माहौल बन गया। मामला एक कुल्फी कारोबारी से जुड़े विवाद का बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान कुछ युवक उग्र हो गए और कुल्फी कारोबारी को डराने-धमकाने के लिए तमंचे का प्रदर्शन किया। आरोप है कि आरोपी युवक ने कारोबारी को गोली मारने की धमकी देते हुए हथियार लहराया, जिससे आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना से घबराए पीड़ित कुल्फी कारोबारी ने तुरंत यूपी-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही 112 नंबर पुलिस और टेड़ी बगिया चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस की सक्रियता देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन तमंचा लहराने वाले एक युवक को पुलिस ने मौके से ही दबोच लिया।
घटना के बाद पीड़ित ने थाना ट्रांसयमुना में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस गिरफ्तार युवक से पूछताछ कर रही है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। साथ ही घटना में इस्तेमाल तमंचे की बरामदगी के प्रयास भी जारी हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क बनी हुई है।