आगरा में बारिश में तिरपाल तले अंतिम संस्कार: फतेहपुर सीकरी के हंसपुरा गांव के श्मशान घाट पर टिनशेड नहीं, ग्रामीणों का जनप्रतिनिधियों के खिलाफ फूटा आक्रोश

-गौरव प्रताप सिंह- आगरा। फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के ग्राम हंसपुरा में मूलभूत सुविधाओं की कमी एक बार फिर सामने आई है। श्मशान घाट पर टिनशेड न होने के कारण मंगलवार को लगातार हो रही बारिश के बीच ग्रामीणों को तिरपाल लगाकर शव का अंतिम संस्कार करना पड़ा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीणों में जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से टिनशेड की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

Jul 21, 2026 - 21:41
Jul 21, 2026 - 21:52
 0
आगरा में बारिश में तिरपाल तले अंतिम संस्कार: फतेहपुर सीकरी के हंसपुरा गांव के श्मशान घाट पर टिनशेड नहीं, ग्रामीणों का जनप्रतिनिधियों के खिलाफ फूटा आक्रोश
फतेहपुर सीकरी के हंसपुरा गांव में तिरपाल तानकर दाह संस्कार करते ग्रामीण।

जानकारी के अनुसार, विकासखंड फतेहपुर सीकरी के ग्राम हंसपुरा निवासी सत्यप्रकाश सक्सेना का निधन हो गया था। मंगलवार को परिजन और ग्रामीण उनका अंतिम संस्कार करने के लिए गांव के श्मशान घाट पहुंचे। उसी दौरान बारिश शुरू हो गई। श्मशान घाट पर टिनशेड की व्यवस्था न होने के कारण अंतिम संस्कार में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बारिश से चिता को बचाने के लिए ग्रामीणों ने तत्काल तिरपाल लगाकर अस्थायी व्यवस्था की और उसी के नीचे अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कराई। इस दौरान मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि श्मशान घाट पर टिनशेड निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन न तो जनप्रतिनिधियों ने इस ओर ध्यान दिया और न ही संबंधित विभाग ने कोई पहल की। उनका आरोप है कि विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, जबकि गांव की बुनियादी सुविधाएं आज भी उपेक्षा का शिकार हैं।

ग्रामीणों ने सांसद और विधायक पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि कई बार समस्या से अवगत कराने के बावजूद श्मशान घाट पर टिनशेड की व्यवस्था नहीं कराई गई। उनका कहना है कि अंतिम संस्कार जैसी संवेदनशील प्रक्रिया के दौरान भी लोगों को बारिश में तिरपाल का सहारा लेना पड़ रहा है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है।

ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है और श्मशान घाट पर शीघ्र टिनशेड सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को भी मजबूर होंगे।

SP_Singh AURGURU Editor