आगरा के जीवन ज्योति अस्पताल में लिफ्ट हादसा, एक व्यक्ति फंसा, पुलिस मौके पर

आगरा के जीवन ज्योति अस्पताल में लिफ्ट खराब होने से एक व्यक्ति के फंसने की घटना सामने आई। पुलिस मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू में जुटी। घटना में कोई मौत नहीं हुई, लेकिन अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही और मामले को छिपाने के आरोप लगे हैं। जांच जारी है।

Apr 23, 2026 - 17:19
 0
आगरा के जीवन ज्योति अस्पताल में लिफ्ट हादसा, एक व्यक्ति फंसा, पुलिस मौके पर
इमेज फोटो

आगरा। आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र स्थित जीवन ज्योति अस्पताल में गुरुवार को लिफ्ट से जुड़ा एक बड़ा हादसा सामने आया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक अस्पताल की लिफ्ट अचानक खराब होकर बीच में फंस गई, जिसमें एक व्यक्ति के फंसे होने की सूचना है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है।

सूत्रों के अनुसार, अस्पताल परिसर में संचालित लिफ्ट अचानक तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि लिफ्ट गिरने जैसी स्थिति बनी, जिससे अंदर मौजूद व्यक्ति घबरा गया और फंस गया। सूचना मिलते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही थाना जगदीशपुरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया गया। स्थानीय लोगों और अस्पताल स्टाफ की मदद से फंसे व्यक्ति को सुरक्षित निकालने के प्रयास किए गए।

लापरवाही के आरोप, पहले भी रहा विवाद

घटना के बाद अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लग रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि अस्पताल पहले भी कई बार विवादों में रह चुका है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं किया गया। इस बार लिफ्ट जैसी बुनियादी सुविधा में खामी ने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

घटना छिपाने के आरोप

यह भी आरोप सामने आ रहे हैं कि अस्पताल प्रशासन इस पूरे मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है, ताकि उसकी छवि पर असर न पड़े। हालांकि पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है और वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि लिफ्ट में खराबी के कारणों की जांच की जाएगी। यदि किसी तरह की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।