22 जुलाई को आगरा कॉलेज में एलएलबी प्रायोगिक परीक्षा, यूनिफॉर्म और दस्तावेजों के बगैर नहीं मिलेगा प्रवेश
आगरा। डॉ. भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के निर्देशानुसार आगरा कॉलेज में 22 जुलाई 2026 (बुधवार) को एल.एल.बी. प्रथम वर्ष एवं बी.ए. एल.एल.बी. तृतीय वर्ष की प्रायोगिक परीक्षा आयोजित की जाएगी। महाविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। विद्यार्थियों के लिए निर्धारित यूनिफॉर्म में समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य किया गया है। साथ ही प्रवेश पत्र, वैध पहचान पत्र और प्रायोगिक परीक्षा फाइल साथ लाना भी जरूरी होगा। महाविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा संबंधी सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाएगा।
आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने बताया कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के निर्देशानुसार एल.एल.बी. प्रथम वर्ष एवं बी.ए. एल.एल.बी. तृतीय वर्ष की प्रायोगिक परीक्षा 22 जुलाई, 2026 (बुधवार) को विधि संकाय परिसर, आगरा कॉलेज, आगरा में आयोजित होगी।
विधि संकायाध्यक्ष प्रो. डी. सी. मिश्रा ने बताया कि सभी परीक्षार्थियों को प्रातः 11:00 बजे तक महाविद्यालय की निर्धारित यूनिफॉर्म में परीक्षा स्थल पर उपस्थित होना अनिवार्य है। प्रत्येक विद्यार्थी अपने साथ प्रवेश पत्र, महाविद्यालय/विश्वविद्यालय का वैध पहचान पत्र तथा प्रायोगिक परीक्षा फाइल अनिवार्य रूप से लेकर आए। इन आवश्यक दस्तावेजों के बिना परीक्षा में शामिल होने में कठिनाई हो सकती है।
विधि संकाय के प्रो. गौरव कौशिक ने सभी छात्र-छात्राओं से अपील की है कि बी.ए. एल.एल.बी. तृतीय वर्ष एवं एल.एल.बी. प्रथम वर्ष के विद्यार्थी अपनी-अपनी प्रायोगिक परीक्षा फाइल पूर्ण रूप से तैयार करके ही परीक्षा में सम्मिलित हों। उन्होंने विद्यार्थियों से निर्धारित समय से पहले परीक्षा स्थल पर पहुंचने, परीक्षा संबंधी सभी निर्देशों का गंभीरता से पालन करने तथा अनुशासन एवं मर्यादा बनाए रखते हुए प्रायोगिक परीक्षा में शामिल होने का आग्रह किया।
महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें और सभी आवश्यक दस्तावेजों की पूर्व में ही जांच कर लें।