लोकहितम के 16वें स्थापना दिवस पर आगरा में 300 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य
आगरा। रक्तदान को जन आंदोलन का स्वरूप देने और जरूरतमंद मरीजों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से लोकहितम चैरिटेबल ब्लड सेंटर अपने 16वें स्थापना दिवस पर 17 मई को रक्तदान एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने जा रहा है। कमला नगर स्थित महाराजा अग्रसेन सेवा सदन में होने वाले इस भव्य आयोजन में 300 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है, जबकि समाजसेवा, रक्तदान और स्वास्थ्य क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 60 संस्थाओं एवं पांच दुर्लभ रक्तदाताओं को सम्मानित भी किया जाएगा।
गुरुवार को कमला नगर स्थित लोकहितम भवन में संस्था पदाधिकारियों द्वारा स्थापना दिवस समारोह के आमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया। इस दौरान संस्था के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की।
संस्था अध्यक्ष अनिल कुमार अग्रवाल ने बताया कि रक्तदान किसी भी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनदान के समान है। गर्मियों में अक्सर ब्लड बैंकों में रक्त की कमी की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए स्थापना दिवस पर प्रातः 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि करीब 20 सहयोगी संस्थाओं, युवाओं और समाजसेवियों की सक्रिय भागीदारी से शिविर में 300 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
महासचिव अखिलेश अग्रवाल ने बताया कि डायलिसिस मरीजों की सुविधा के लिए लोकहितम भवन में नि:शुल्क परामर्श एवं जांच शिविर भी लगाया जाएगा। शिविर में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रजत मंगल मरीजों को स्वास्थ्य परामर्श देंगे। साथ ही बॉडी कंपोजिशन मॉनिटर (बीसीएम) मशीन के माध्यम से मरीजों की नि:शुल्क जांच की जाएगी, जिससे स्वास्थ्य की वास्तविक स्थिति का सटीक आकलन किया जा सकेगा।
संस्था संरक्षक राकेश मंगल ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह शाम सात बजे आयोजित होगा, जिसमें समाजसेवा, रक्तदान और स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 60 संस्थाओं तथा पांच दुर्लभ रक्तदाताओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संजय विनायक जोशी उपस्थित रहेंगे, जबकि आशीर्वचन लोकेशानंद जी महाराज द्वारा प्रदान किए जाएंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. मुनीश्वर गुप्ता मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान संस्था द्वारा वर्षभर किए गए सेवा कार्यों का विस्तृत लेखा-जोखा भी प्रस्तुत किया जाएगा।
इस अवसर पर संरक्षक एवं कोषाध्यक्ष आकाश अग्रवाल, ब्लड बैंक निदेशक संजीव जैन, डायलिसिस सेंटर निदेशक भुवेश अग्रवाल, सुनील गोयल, महेंद्र सिंघल, रोहित अग्रवाल, श्रीराम अग्रवाल, केके अग्रवाल, मोहित अग्रवाल, अशोक अग्रवाल फरह वाले, शरद मित्तल, अर्पित गोयल, मयंक गोयल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।