तेज धमाका, चीख-पुकार और टूटा बस का अगला हिस्सा, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा
आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में गुरुवार तड़के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बलिया से दिल्ली जा रही शिवगंगा ट्रैवल्स की बस अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसे में बस चालक समेत 13 यात्री घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी में चालक को झपकी आने से दुर्घटना की आशंका जताई गई है। पुलिस और यूपीडा की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को सीएचसी फतेहाबाद में भर्ती कराया।
आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। फतेहाबाद क्षेत्र में किलोमीटर 34 पर बलिया से दिल्ली जा रही शिवगंगा ट्रैवल्स की बस अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में बस चालक समेत करीब 13 यात्री घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, शिवगंगा ट्रैवल्स की बस में करीब 50 यात्री सवार थे। बस बलिया से दिल्ली की ओर जा रही थी। गुरुवार तड़के करीब 4:30 बजे फतेहाबाद क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 34 पर बस अचानक एक अज्ञात वाहन से टकरा गई।
झपकी लगने से हादसे की आशंका
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि बस चालक को झपकी आने के कारण हादसा हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुए हादसे से बस में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। यात्रियों ने बताया कि हादसे के समय अधिकांश लोग बस में सो रहे थे। अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद यात्रियों की नींद खुल गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, बस दुर्घटनाग्रस्त हो चुकी थी। टक्कर के बाद घायल यात्रियों को देखकर बस में हड़कंप मच गया।
चालक समेत 13 लोग घायल
हादसे में बस चालक रविन्द्र पुत्र राजेश, निवासी कानपुर देहात समेत कई यात्री घायल हुए हैं। घायलों में सुजीत सिंह निवासी बलिया, जितेंद्र निवासी रसूलपुर थाना घोसी जनपद मऊ, धनराज निवासी विगरापुर दिवारी थाना मधुबन जनपद मऊ, सुरेंद्र कुमार, अर्जुन और कृष्ण कुमार निवासी जनपद अंबेडकर नगर शामिल हैं। इसके अलावा प्रवेश निवासी आजमगढ़, सरिता विश्वकर्मा और दिहांत विश्वकर्मा निवासी जयसिंहपुर जनपद मऊ, सूरज निवासी फरीदपुर जनपद मऊ, बबलू निवासी अंबेडकर नगर तथा सतेंद्र गुप्ता निवासी बलिया भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद पहुंचाया गया।
पुलिस और यूपीडा की टीम ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही फतेहाबाद पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंच गई। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फतेहाबाद के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।