आगरा में हुनर के महाकुंभ का समापनः केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने इंडिया स्किल्स उत्तर क्षेत्रीय प्रतियोगिता में विजेताओं को दी नई उड़ान, हरियाणा ने जीते सर्वाधिक पुरस्कार

आगरा। इंडिया स्किल्स 2025–26 के अंतर्गत आयोजित उत्तर क्षेत्रीय कौशल प्रतियोगिता के समापन अवसर पर शनिवार को आयोजित भव्य पुरस्कार वितरण समारोह में राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से आए प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों, अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में युवाओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।

Mar 14, 2026 - 21:22
 0
आगरा में हुनर के महाकुंभ का समापनः केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने इंडिया स्किल्स उत्तर क्षेत्रीय प्रतियोगिता में विजेताओं को दी नई उड़ान, हरियाणा ने जीते सर्वाधिक पुरस्कार
इंडिया स्किल्स उत्तर क्षेत्रीय प्रतियोगिता के समापन समारोह में युवाओं को संबोधित करते केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी।

कार्यक्रम के दौरान विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। मंच से संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि कौशल विकास और प्रतिभा को प्रोत्साहन देने के लिए इस प्रकार की प्रतियोगिताएं अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे युवाओं को अपने हुनर को प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और उनके भीतर अनुशासन तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास होता है।

9 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर

इस उत्तर क्षेत्रीय कौशल प्रतियोगिता में उत्तर भारत के 9 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों से आए प्रतिभागियों ने विभिन्न कौशल क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान तकनीकी और व्यावसायिक कौशल से जुड़े अनेक क्षेत्रों में प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी योग्यता साबित की।

जयंत चौधरी ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह उनकी सफलता की सिर्फ शुरुआत है। आने वाले समय में उन्हें देश और दुनिया में अपने कौशल से पहचान बनानी है और भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय मंचों पर रोशन करना है।

असफल प्रतिभागियों को भी दिया प्रेरणा संदेश

अपने संबोधन में उन्होंने उन प्रतिभागियों का भी उत्साहवर्धन किया जो इस बार सफलता हासिल नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि असफलता निराशा का कारण नहीं बल्कि आगे बेहतर करने की प्रेरणा होनी चाहिए। यदि युवा लगातार प्रयास करते रहें तो सफलता निश्चित रूप से उनके कदम चूमेगी।

उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत बनाती हैं और उन्हें अपने हाथ के हुनर को पहचानने तथा उसे बेहतर तरीके से विकसित करने का अवसर प्रदान करती हैं।

हरियाणा के प्रतिभागियों ने जीते अधिक पुरस्कार

प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया, जबकि हरियाणा के प्रतिभागियों ने सर्वाधिक पुरस्कार हासिल कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। सभी विजेता प्रतिभागियों को मंच से सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित करते जयंत चौधरी और यूपी के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय।

प्रतिभा किसी जेंडर की मोहताज नहीं

जयंत चौधरी ने कहा कि योग्यता किसी जेंडर की मोहताज नहीं होती। लड़कियां और लड़के दोनों अपनी प्रतिभा और कौशल के बल पर समान रूप से आगे बढ़ सकते हैं और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

आगरा से जुड़ा पारिवारिक संबंध भी याद किया

अपने संबोधन में उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि उनके बाबा पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह ने भी आगरा से शिक्षा ग्रहण की थी, जिसके कारण उनका इस क्षेत्र से विशेष भावनात्मक लगाव है।

आगरा बनेगा विकास का बड़ा केंद्र

उन्होंने कहा कि आगरा तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (जेवर एयरपोर्ट) के निर्माण से आगरा सहित पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी और उद्योग, व्यापार तथा पर्यटन को बड़ा लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि आज दुनिया की बड़ी आर्थिक शक्तियां भारत और विशेष रूप से उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए उत्सुक हैं। यूरोप के चार देशों की कंपनियां भारत में व्यापार के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेंगी, जिससे युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलेगा।

कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए और सभी प्रतिभागियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

SP_Singh AURGURU Editor