मनौना धाम के महंत ओमेंद्र महाराज ओडिशा की धार्मिक यात्रा पर, कांटाबाजी में में सजेगा बाबा श्याम का दरबार
बरेली। आंवला तहसील क्षेत्र स्थित मनौना धाम के महंत ओमेंद्र महाराज चार दिवसीय धार्मिक यात्रा पर ओडिशा जा रहे हैं। 14 जुलाई को कांटाबांजी (ओडिशा) स्थित श्री श्याम मंदिर में बाबा श्याम का भव्य दरबार सजेगा, जहां महंत ओमेंद्र महाराज ज्योति प्रज्वलित कर विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन करेंगे तथा श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देंगे।
महंत ओमेंद्र महाराज 12 जुलाई को बरेली से रवाना होंगे और 13 से 15 जुलाई तक ओडिशा के धार्मिक प्रवास पर रहेंगे। प्रवास पूरा करने के बाद 16 जुलाई को वह मनौना धाम लौटकर श्याम भक्तों से मुलाकात करेंगे।
मनौना धाम के प्रमुख प्रबंधक आरेन्द्र सिंह ने बताया कि महंत जी के आगमन से पहले श्री श्याम मंदिर ट्रस्ट, कांटाबांजी ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसकी जानकारी ट्रस्ट के अध्यक्ष दीपक अग्रवाल ने दी है। रायपुर एयरपोर्ट पर महंत ओमेंद्र महाराज का भव्य स्वागत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक जागृति, योग, ध्यान, प्राकृतिक जीवनशैली और संतुलित जीवन का संदेश भी दिया जाएगा। 13 जुलाई को विशेष रूप से गंभीर रोगियों तथा 14 जुलाई को विभिन्न वर्गों के श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया जाएगा।
दीपक अग्रवाल ने बताया कि अब तक 1100 से अधिक श्रद्धालु कांटाबांजी में महंत ओमेंद्र महाराज से मुलाकात के लिए पंजीकरण करा चुके हैं। श्री श्याम मंदिर ट्रस्ट और स्थानीय श्रद्धालुओं ने नगर में स्वागत के लिए बड़े-बड़े गेट, होर्डिंग और पोस्टर भी लगाए हैं।
मनौना धाम के मीडिया प्रभारी सचिन सक्सेना ने बताया कि उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने मनौना धाम को धार्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में शामिल किया है। इसके लिए शासन को लगभग 10 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्ताव में भव्य प्रवेश द्वार, आधुनिक यात्री शेड, बड़ी पार्किंग, सामुदायिक भवन, धर्मशालाओं का निर्माण तथा धाम परिसर के सौंदर्यीकरण और पर्यटक सुविधाओं के विस्तार जैसी योजनाएं शामिल हैं।