वृंदावन में बड़ा हादसाः यमुना में केसी घाट पर स्टीमर पलटा, छह तीर्थयात्रियों की दर्दनाक मौत, अभी भी कई लापता, रेस्क्यू में सेना भी जुटाई गई, लुधियाना से बृज की धार्मिक यात्रा पर आया था तीर्थयात्रियों का समूह

मथुरा/वृंदावन। धार्मिक आस्था के केंद्र वृंदावन में शुक्रवार दोपहर बाद एक भयावह हादसे ने सनसनी फैला दी, जब यमुना नदी में तीर्थयात्रियों से भरा स्टीमर अचानक पलट गया। हादसे के समय स्टीमर में करीब 30 तीर्थयात्री सवार थे, जिनमें से अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य के लापता होने की आशंका बनी हुई है।

Apr 10, 2026 - 17:12
 0
वृंदावन में बड़ा हादसाः यमुना में केसी घाट पर स्टीमर पलटा, छह तीर्थयात्रियों की दर्दनाक मौत, अभी भी कई लापता, रेस्क्यू में सेना भी जुटाई गई, लुधियाना से बृज की धार्मिक यात्रा पर आया था तीर्थयात्रियों का समूह
वृंदावन में यमुना का वह स्थल, जहां पर स्टीमर पलटने का हादसा हुआ। मौके पर जमा भीड़।

यमुना में बचाव कार्य करते एसडीआरएफ के कर्मचारी।

यह हादसा अपराह्न लगभग 2:45 बजे केसी घाट के पास हुआ, जहां स्टीमर असंतुलित होकर नदी में पलट गया। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार होने लगी।

डीएम-एसएसपी खुद मोर्चे पर, रेस्क्यू ऑपरेशन तेज

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वयं मौके पर पहुंच गए और बचाव अभियान की कमान संभाली। प्रशासन द्वारा तत्काल गोताखोरों को नदी में उतारा गया, जो डूबे हुए लोगों की तलाश में जुटे हैं।

डीएम ने बताया कि अब तक 6 शव बरामद किए जा चुके हैं। मृतक और तीर्थयात्री पंजाब के लुधियाना के निवासी हैं और वृंदावन की धार्मिक यात्रा पर आए हुए थे। अन्य यात्रियों को बचाने के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। अभी मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं हो सकी है।

बताया गया है कि लुधियाना के एक श्रद्धालु वृंदावन की धार्मिक यात्रा के दौरान स्टीमर में बैठकर यमुना के घाटों को निहारने निकले थे, लेकिन उन्हें नहीं मालूम था कि वे एक बड़े हादसे का शिकार होने जा रहे हैं।

सेना और NDRF की मदद, भीड़ बनी बाधा

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राहत कार्य में सेना को भी बुलाया गया है। साथ ही गाजियाबाद से एनडीआरएफ की टीम वृंदावन के लिए रवाना हो चुकी है।

हालांकि मौके पर भारी भीड़ एकत्रित हो जाने के कारण बचाव कार्य में बाधाएं आ रही हैं। पुलिस लगातार लोगों को पीछे हटाने का प्रयास कर रही है, ताकि रेस्क्यू ऑपरेशन सुचारू रूप से चल सके।

बताया जा रहा है कि सभी पर्यटक पंजाब के लुधियाना से वृंदावन दर्शन के लिए आए थे। लेकिन उनकी आस्था की यह यात्रा एक दर्दनाक हादसे में बदल गई। प्रशासन लगातार लापता लोगों की तलाश में जुटा है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

हादसे की वजहें तो जांच के बाद ही सामने आएंगी, लेकिन इतना सवाल जरूर उठ रहा है कि क्या स्टीमर में सवार तीर्थयात्रियों को लाइफ जैकेट नहीं पहनाई गई थीं। लाइफ जैकेट होतीं तो लोग पानी में न डूबते। 

SP_Singh AURGURU Editor