बरेली सदर में रिश्वतखोरी पर बड़ा एक्शन, लेखपाल रंगे हाथ गिरफ्तार, तहसील में मचा बवाल, संघ लामबंद
-आरके सिंह- बरेली सदर तहसील में मंगलवार शाम भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम द्वारा एक लेखपाल को किसान से पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किए जाने के बाद तहसील परिसर में भारी हंगामा मच गया, जहां एक ओर प्रशासनिक कार्रवाई हुई तो दूसरी ओर लेखपाल संघ और परिजनों ने गिरफ्तारी को साजिश बताते हुए तीखा विरोध दर्ज कराया।
बरेली। भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर तहसील में तैनात राजस्व लेखपाल विपिन पटेल को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार बली मोहम्मद निवासी कर्मपुर चौधरी थाना इज्जतनगर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 171 वर्ग गज प्लॉट की दाखिल खारिज कराने के एवज में लेखपाल द्वारा पांच हजार रुपये की मांग की जा रही है। शिकायत के आधार पर टीम ने नियमानुसार जाल बिछाकर कार्रवाई की और आरोपी लेखपाल को रिश्वत की रकम लेते ही पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाना कोतवाली बरेली ले जाया जा रहा था, तभी तहसील सदर में तैनात अन्य लेखपालों ने एकजुट होकर विरोध शुरू कर दिया।
तहसील में हंगामा, लेखपाल संघ ने किया विरोध
गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही लेखपाल संघ के सदस्य लामबंद हो गए और अपने साथी के समर्थन में सड़क पर उतर आए। आरोप है कि जब भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम आरोपी को लेकर जा रही थी, तो लेखपालों ने गाड़ी रोकने का प्रयास किया, जिससे पुलिसकर्मियों के साथ तीखी नोकझोंक हो गई।
भारी हंगामे के बीच पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ टीम को कोतवाली रवाना किया। बाद में लेखपालों ने कोतवाली का घेराव कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और कार्रवाई पर सवाल उठाए।
आरोपी की पत्नी ने कार्रवाई को बताया फर्जी
गिरफ्तार लेखपाल विपिन पटेल की पत्नी और स्वयं भी लेखपाल पद पर कार्यरत विशेषता गंगवार ने पूरे मामले को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एंटी करप्शन टीम ने उनके पति को झूठे मामले में फंसाया है और बिना किसी ठोस आधार के गिरफ्तारी की गई है।
उन्होंने कहा कि उनके पास तहसील के सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध हैं, जिससे पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी। विशेषता गंगवार ने चेतावनी दी कि यदि उनके पति के खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज की गई तो वे अनशन और भूख हड़ताल करने को बाध्य होंगी।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल ने बताया कि शिकायत की पुष्टि के बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई और आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपी विपिन पटेल, राजस्व लेखपाल, के विरुद्ध थाना कोतवाली बरेली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।