रातों-रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, आगरा के नगर आयुक्त बनाए गए संभल के डीएम
उत्तर प्रदेश सरकार ने 38 आईएएस अधिकारियों का तबादला करते हुए 8 जिलों के डीएम और 5 सीडीओ बदले हैं। रिंकू सिंह राही को जालौन में संयुक्त मजिस्ट्रेट, डॉ. राजेंद्र पेंसिया को मुरादाबाद का डीएम, अंकित खंडेलवाल को संभल का डीएम और संतोष कुमार वैश्य को आगरा नगर आयुक्त बनाया गया है।
38 आईएएस अधिकारियों के तबादले, 8 जिलों के डीएम बदले, संतोष कुमार होंगे आगरा के नए नगर आयुक्त
आगरा। योगी आदित्यनाथ सरकार ने रविवार देर रात बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए 38 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस व्यापक फेरबदल में 8 जिलों के जिलाधिकारियों को बदला गया है, वहीं 5 स्थानों पर मुख्य विकास अधिकारियों की भी नई तैनाती की गई है। आगरा के नगर आयुक्त अंकित खण्डेलवाल को संभल का डीएम बनाया गया है, उनके स्थान पर संतोष कुमार वैश्य को आगरा का नया नगर आयुक्त बनाया गया है।
इस निर्णय को प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और शासन व्यवस्था को और मजबूत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस तबादला सूची में कई अहम नाम शामिल हैं। हाल ही में 20 अप्रैल को अपना कंडीशनल इस्तीफा वापस लेने वाले आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें जालौन में संयुक्त मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात किया गया है।
वहीं 2015 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. राजेंद्र पेंसिया, जो अब तक संभल के जिलाधिकारी थे, उन्हें अब मुरादाबाद का नया डीएम बनाया गया है। गौरतलब है कि पेंसिया ने 25 जून 2024 को संभल के डीएम का कार्यभार संभाला था और उनके कार्यकाल को प्रशासनिक स्तर पर सक्रिय माना गया।
संभल के नए जिलाधिकारी के रूप में अंकित खंडेलवाल को नियुक्त किया गया है, जो इससे पहले आगरा नगर निगम में नगर आयुक्त के पद पर कार्यरत थे। उनके कार्यकाल में नगर निगम में कई विकास कार्यों को गति मिली थी। अंकित खंडेलवाल के स्थान पर अब संतोष कुमार वैश्य को आगरा नगर निगम का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। उनसे शहर के विकास कार्यों और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।
यह प्रशासनिक फेरबदल राज्य सरकार की उस रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके तहत जिलों में प्रशासनिक कसावट, विकास योजनाओं की मॉनिटरिंग और कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सके।