आगरा में बड़ी साजिश नाकाम, पुलिस और एलआईयू की सतर्कता से ‘नोएडा जैसा माहौल’ बनने से पहले ही गिरफ़्तारी
आगरा के सिकंदरा में पुलिस और LIU टीम ने समय रहते कार्रवाई करते हुए अमित चौधरी को गिरफ्तार किया, जो मजदूरों को भड़काकर धरना-प्रदर्शन और फैक्ट्री बंद कराने की साजिश रच रहा था। आरोपी पर पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस की सतर्कता से क्षेत्र में संभावित अशांति टल गई।
आगरा। आगरा के सिकंदरा क्षेत्र में पुलिस और लोकल इंटेलिजेंस यूनिट (LIU) की सतर्कता से एक बड़ी साजिश समय रहते विफल कर दी गई। पुलिस ने ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो भोले-भाले गरीब मजदूरों को बहला-फुसलाकर उन्हें भड़काने और धरने-प्रदर्शन के लिए उकसाने का काम कर रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अमित चौधरी मजदूर वर्ग के लोगों को गुमराह कर फैक्ट्री मालिकों के खिलाफ भड़काता था और उन्हें फैक्ट्री बंद कराने के लिए दबाव बनाने को प्रेरित कर रहा था। इससे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बनने की आशंका थी, जो समय रहते पुलिस की सक्रियता से टल गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और LIU टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पर पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं और वह पहले भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की जाती, तो स्थिति बिगड़ सकती थी और क्षेत्र में अशांति फैल सकती थी। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों में राहत और खुशी का माहौल है। आम जनमानस ने पुलिस और खुफिया तंत्र की सराहना करते हुए इसे एक सराहनीय कदम बताया है।