बरेली में चीनी मांझे के खिलाफ बड़ा अभियान, 129 चरखी के साथ दो गिरफ्तार
बरेली। प्रतिबंधित चीनी मांझे की बिक्री के खिलाफ चल रहे अभियान में किला थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 129 चरखी प्रतिबंधित चीनी मांझा बरामद किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी उत्तराखंड के हरिद्वार से मांझा मंगाकर बरेली में चोरी-छिपे महंगे दामों पर फुटकर बिक्री करते थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
चेकिंग के दौरान पकड़े गए आरोपी
क्षेत्राधिकारी द्वितीय बरेली नितिन कुमार ने रविवार को बताया कि शनिवार रात प्रतिबंधित चीनी मांझे की बिक्री की सूचना पर किला थाना पुलिस ने श्मशान भूमि फाटक से सराय तल्फी जाने वाले रास्ते पर स्थित यात्री शेड के पास चेकिंग अभियान चलाया। रात करीब नौ बजे पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़कर उनकी तलाशी ली। उनके पास से 129 चरखी प्रतिबंधित चीनी मांझा बरामद हुआ।
दोनों आरोपियों की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की पुत्र अर्जुन लाल, निवासी हनुमान मंदिर के सामने गंगापुर, थाना बारादरी और गौरव पुत्र लालाराम, निवासी माचिस फैक्ट्री, 71 गंगापुर सहदाना, थाना बारादरी के रूप में हुई है।
हरिद्वार से मंगाते थे मांझा
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे हरिद्वार, उत्तराखंड निवासी एक व्यक्ति से प्रतिबंधित चीनी मांझा मंगाते थे। उसके ऑर्डर पर मांझा बस के माध्यम से बरेली भेजा जाता था। बस आने पर आरोपी मांझा प्राप्त कर लेते थे और बाद में उसे फुटकर में महंगे दामों पर चोरी-छिपे बेचते थे।
पहले नौ आरोपी भी हो चुके गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक प्रतिबंधित चीनी मांझे के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इससे पहले विगत दिवस नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 15 चरखी चीनी मांझा बरामद किया गया था। नई कार्रवाई के बाद पुलिस प्रतिबंधित मांझे की बिक्री और आपूर्ति करने वालों पर और शिकंजा कसने की तैयारी में है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर किला थाने में बीएनएस की धाराओं 223, 285, 291 और 293 तथा पर्यावरण संरक्षण अधिनियम की धारा 15 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी विक्की का पूर्व में भी आबकारी अधिनियम और अन्य धाराओं में आपराधिक इतिहास दर्ज है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में किला थाना प्रभारी अचल कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।