फर्जी पत्रकारों पर होगा बड़ा प्रहार: ब्रज प्रेस क्लब के अभियान को डीएम-एसएसपी का समर्थन, सघन जांच के बाद होगी कड़ी कार्रवाई
मथुरा। पत्रकारिता की आड़ में ब्लैकमेलिंग, चौथ वसूली और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में ब्रज प्रेस क्लब ने बड़ा अभियान छेड़ने का ऐलान किया है। इसी क्रम में क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने मथुरा के जिलाधिकारी सीपी सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार को ज्ञापन सौंपकर फर्जी पत्रकारों तथा अवैध रूप से "प्रेस" लिखकर चल रहे वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग की। इस दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि सघन जांच के बाद फर्जी पत्रकारों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी सीपी सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जिला सूचना अधिकारी के माध्यम से पत्रकारों के दस्तावेजों का सत्यापन कराया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति पत्रकार बनकर अपराध या अवैध गतिविधियों में लिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने कहा कि पुलिस विभाग की ओर से एसपी स्तर पर तथा गुप्तचर विभाग के माध्यम से अलग-अलग स्तर पर जांच कराई जाएगी। पूरी जांच के बाद ही किसी को अधिकृत पहचान या पास जारी किए जाएंगे। यदि कोई व्यक्ति फर्जी तरीके से पत्रकार बनकर घूमता मिला तो उसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
दिल्ली हाईकोर्ट की टिप्पणी के बाद तेज हुआ अभियान
ब्रज प्रेस क्लब के अध्यक्ष डॉ. कमलकांत उपमन्यु एडवोकेट ने बताया कि दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा प्रेस की स्वतंत्रता और उसकी जवाबदेही को लेकर की गई महत्वपूर्ण टिप्पणी के बाद क्लब ने फर्जी पत्रकारों एवं प्रेस लिखे फर्जी वाहनों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि न्यायालय ने स्पष्ट किया है कि प्रेस की स्वतंत्रता लोकतंत्र की आधारशिला है, लेकिन इसका दुरुपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। आज कई लोग केवल मोबाइल और माइक्रोफोन लेकर स्वयं को पत्रकार घोषित कर देते हैं, जबकि उनके पास न पत्रकारिता का प्रशिक्षण होता है और न ही समाज के प्रति कोई जवाबदेही।
जुलाई के अंतिम सप्ताह से शुरू होगा विशेष अभियान
डॉ. कमलकांत उपमन्यु ने बताया कि जुलाई के अंतिम सप्ताह से पूरे ब्रज क्षेत्र में विशेष अभियान शुरू कराया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय कर व्यापक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह अभियान किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं बल्कि पत्रकारिता की साख बचाने, समाज में विश्वास कायम रखने और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की गरिमा बनाए रखने के उद्देश्य से चलाया जाएगा। वास्तविक पत्रकारों को इस अभियान से किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से सहयोग की अपील
ब्रज प्रेस क्लब ने प्रिंट, डिजिटल, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय जिम्मेदार पत्रकारों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उनका कहना है कि वास्तविक पत्रकारों के सहयोग से ही पत्रकारिता की विश्वसनीयता को बनाए रखा जा सकता है।
ब्लैकमेलिंग और चौथ वसूली पर लगे रोक
ज्ञापन में पत्रकारों ने प्रशासन को अवगत कराया कि कुछ असामाजिक तत्व पत्रकारिता की आड़ लेकर संस्थानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को ब्लैकमेल कर चौथ वसूली कर रहे हैं। ऐसे लोग ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ पत्रकारों की छवि को भी धूमिल कर रहे हैं। इनकी पहचान कर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
पत्रकारों ने यह भी कहा कि ब्रज क्षेत्र धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यहां आने वाले वीआईपी, श्रद्धालुओं तथा धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को देखते हुए भी फर्जी पत्रकारों और अपराधी तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण आवश्यक है।
ब्रज प्रेस क्लब ने प्रशासन से मांग की कि पत्रकारिता की आड़ में अपराध करने वाले लोगों की निष्पक्ष जांच कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में पत्रकारिता की गरिमा और विश्वसनीयता बनी रहे।