अग्निवीर भर्ती का बड़ा मौका: जाट रेजिमेंटल सेंटर बरेली में 6 से 13 अगस्त तक होगी सेना भर्ती रैली, आगरा समेत कई जिलों के युवाओं को मिलेगा अवसर
-आरके सिंह- बरेली। भारतीय सेना में शामिल होने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। जाट रेजिमेंटल सेंटर (जेआरसी), बरेली में यूनिट हेडक्वार्टर्स कोटा (यूएचक्यू) के तहत 6 अगस्त से 13 अगस्त 2026 तक अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। भर्ती रैली में अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर ट्रेड्समैन, अग्निवीर खिलाड़ी और अग्निवीर लिपिक पदों के लिए पात्र अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। भर्ती में युद्ध विधवाओं के पुत्रों, शहीद एवं घायल सैनिकों के आश्रितों, जाट रेजिमेंट के भूतपूर्व एवं सेवारत सैनिकों के परिजनों सहित निर्धारित श्रेणियों के अभ्यर्थियों को भाग लेने का अवसर मिलेगा।
पत्र सूचना कार्यालय (रक्षा शाखा), भारत सरकार द्वारा जारी जानकारी के अनुसार यह भर्ती रैली जाट रेजिमेंटल सेंटर (जेआरसी), बरेली में आयोजित होगी। इसमें अग्निवीर सामान्य ड्यूटी, अग्निवीर ट्रेड्समैन, अग्निवीर खिलाड़ी (वे अभ्यर्थी जिन्होंने जाट रेजिमेंटल सेंटर में आयोजित स्पोर्ट्स ट्रायल में भाग लिया था) तथा अग्निवीर लिपिक पदों के लिए भर्ती की जाएगी।
इन अभ्यर्थियों को मिलेगा अवसर
यह भर्ती रैली मुख्य रूप से युद्ध विधवाओं के पुत्रों, जाट रेजिमेंट के भूतपूर्व एवं सेवारत सैनिकों, युद्ध में शहीद एवं घायल सैनिकों के पुत्रों तथा उनके सगे भाइयों के लिए आयोजित की जा रही है।
इसके अलावा अन्य रेजिमेंटों के भूतपूर्व एवं सेवारत सैनिकों के पुत्र, युद्ध में घायल सैनिकों के भाई, पुत्र, विधिक रूप से गोद लिए गए बच्चे तथा उत्कृष्ट खिलाड़ी भी निर्धारित पात्रता के अनुसार भर्ती प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।
सुबह 4 बजे तक पहुंचना होगा भर्ती स्थल
भर्ती में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को समस्त आवश्यक प्रमाणपत्र एवं दस्तावेजों के साथ प्रातः 4:00 बजे जाट रेजिमेंटल सेंटर के जाट गेट पर रिपोर्ट करना होगा। प्रारंभिक जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। सुबह 7:00 बजे के बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने की अनुमति नहीं मिलेगी।
भर्ती रैली का तिथिवार कार्यक्रम
6 अगस्त 2026
अग्निवीर स्पोर्ट्स एवं अग्निवीर जनरल ड्यूटी के लिए भारत के सभी राज्यों (उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा को छोड़कर) के वे खिलाड़ी, जिनका स्पोर्ट्स ट्रायल में चयन हुआ था।
7 अगस्त 2026
अग्निवीर जनरल ड्यूटी के लिए हरियाणा के अभ्यर्थी। इसमें अंबाला, भिवानी, फरीदाबाद, फतेहाबाद, गुरुग्राम, हिसार, रेवाड़ी, नूंह (मेवात), चरखी दादरी, झज्जर, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, महेंद्रगढ़, पलवल, पंचकूला, पानीपत, रोहतक, सिरसा, सोनीपत और यमुनानगर जिले शामिल हैं।
8 अगस्त 2026
अग्निवीर जनरल ड्यूटी के लिए उत्तर प्रदेश के आगरा, अलीगढ़, प्रयागराज (इलाहाबाद), अंबेडकर नगर, अमेठी, अमरोहा, औरैया, आजमगढ़, गोंडा, गोरखपुर, हमीरपुर, हरदोई, हाथरस, जौनपुर, झांसी, कन्नौज, कानपुर नगर, कासगंज, कौशांबी, लखीमपुर खीरी, कुशीनगर, ललितपुर, लखनऊ, महाराजगंज, महोबा, मैनपुरी, मऊ, मेरठ, चंदौली, चित्रकूट, देवरिया, एटा, इटावा, अयोध्या (फैजाबाद), फर्रुखाबाद, फतेहपुर, फिरोजाबाद तथा गौतम बुद्ध नगर के अभ्यर्थी भाग लेंगे।
10 अगस्त 2026
अग्निवीर जनरल ड्यूटी के लिए उत्तर प्रदेश के बागपत, बहराइच, बलिया, बलरामपुर, बांदा, बाराबंकी, बरेली, बस्ती, बदायूं, भदोही, बुलंदशहर, मिर्जापुर, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, जालौन, हापुड़, पीलीभीत, प्रतापगढ़, रामपुर, रायबरेली, सहारनपुर, संत कबीर नगर, शाहजहांपुर, गाजियाबाद, गाजीपुर, मथुरा, शामली, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, सीतापुर, सोनभद्र, सुल्तानपुर, उन्नाव, वाराणसी, कानपुर देहात, बिजनौर तथा संभल के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी।
11 अगस्त 2026
अग्निवीर जनरल ड्यूटी के लिए राजस्थान के अजमेर, बांसवाड़ा, बारा, बाड़मेर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बीकानेर, बूंदी, चित्तौड़गढ़, सवाई माधोपुर, सीकर, सिरोही, टोंक, उदयपुर, जोधपुर, अलवर और श्रीगंगानगर के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी।
12 अगस्त 2026
अग्निवीर ट्रेड्समैन पद के लिए सभी राज्यों के पात्र अभ्यर्थियों की भर्ती आयोजित की जाएगी।
13 अगस्त 2026
अग्निवीर लिपिक पद के लिए केवल जाट रेजिमेंट के पात्र अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। इसमें सभी राज्यों के पात्र उम्मीदवार भाग ले सकेंगे।
भर्ती कार्यालय से संपर्क की सलाह
पत्र सूचना कार्यालय (रक्षा शाखा) ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि भर्ती प्रक्रिया, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और अन्य जानकारी के लिए जाट रेजिमेंटल सेंटर, बरेली के भर्ती कार्यालय से संपर्क कर अद्यतन जानकारी प्राप्त करें।