आगरा के युवाओं के लिए बड़ा मौका, क्विज से शुरू होगा ‘विकसित भारत’ का सफर, राष्ट्रीय मंच तक पहुंचेंगे प्रतिभागी

आगरा में ‘विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग’ को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। माई भारत पोर्टल पर ऑनलाइन क्विज से प्रतियोगिता की शुरुआत होगी और इसके बाद निबंध, जिला चैम्पियनशिप, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता और राष्ट्रीय स्तर के चरण से होते हुए प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवाओं को भारत मंडपम में विशेषज्ञों, सचिवों और केंद्रीय मंत्रियों के सामने विचार रखने का अवसर मिलेगा, जबकि क्षेत्रीय फाइनलिस्ट प्रधानमंत्री के समक्ष संवाद कर सकेंगे।

Sep 7, 2026 - 22:39
 0
आगरा के युवाओं के लिए बड़ा मौका, क्विज से शुरू होगा ‘विकसित भारत’ का सफर, राष्ट्रीय मंच तक पहुंचेंगे प्रतिभागी
जिलाधिकारी मनीष बंसल।

माई भारत पोर्टल पर ऑनलाइन क्विज से होगी शुरुआत, जिला स्तर से राष्ट्रीय मंच तक पांच चरणों में होगा चयन, भारत मंडपम में विशेषज्ञों और केंद्रीय मंत्रियों के सामने विचार रखने का मिलेगा अवसर

आगरा। युवाओं की प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विचारों को राष्ट्रीय मंच देने के लिए युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आयोजित “विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग (वीबीवाईएलडी) क्विज प्रतियोगिता” को लेकर आगरा में विशेष अभियान शुरू किया गया है। जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देशन में जिला प्रशासन ने प्रतियोगिता में अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों और शिक्षण संस्थानों को व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला समन्वयक, सभी खंड विकास अधिकारियों, ग्राम प्रधानों के साथ-साथ राजकीय एवं अशासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और अन्य शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों एवं प्राचार्यों को अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा है।

ऑनलाइन क्विज से शुरू होगा चयन का सफर

विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग का आयोजन पांच चरणों में किया जाएगा। इसका पहला चरण “विकसित भारत क्विज” होगा, जिसका आयोजन माई भारत पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किया जाएगा। इसमें पात्र विद्यार्थी और युवा स्वयं ऑनलाइन क्विज में हिस्सा ले सकेंगे। क्विज में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अगले चरण में प्रवेश मिलेगा। इस प्रक्रिया का उद्देश्य देश के अलग-अलग हिस्सों से प्रतिभाशाली युवाओं को आगे लाना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना है।

क्विज के बाद निबंध चुनौती, फिर जिला चैम्पियनशिप

दूसरे चरण में “विकसित भारत निबंध चुनौती” आयोजित की जाएगी। क्विज में चयनित प्रतिभागियों को माई भारत पोर्टल के माध्यम से निर्धारित विषय पर निबंध प्रस्तुत करना होगा। निबंधों का मूल्यांकन विशेषज्ञों के माध्यम से निर्धारित स्थल पर कराया जाएगा। इसके बाद तीसरे चरण में जिला चैम्पियनशिप होगी। प्रत्येक जनपद से चयनित शीर्ष 50 निबंधों के प्रतिभागियों को जिला स्तर पर PPT राउंड के लिए चुना जाएगा। यहां प्रतिभागियों को निर्धारित विषय पर प्रस्तुतीकरण देना होगा। प्रदर्शन के आधार पर प्रत्येक जनपद से दो शीर्ष प्रस्तोताओं का चयन राज्य स्तरीय चरण के लिए किया जाएगा।

राज्य स्तर पर चयन, फिर राष्ट्रीय मंच की बारी

चौथे चरण में राज्य या केंद्रशासित प्रदेश स्तर पर वीबीवाईएलडी आयोजित होगा। जिला स्तर से चयनित प्रतिभागी राज्य स्तर पर अपने विचार और प्रस्तुतीकरण प्रस्तुत करेंगे। प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय चरण के लिए राज्य की टीम का चयन किया जाएगा। इसके बाद प्रतियोगिता का सबसे महत्वपूर्ण और अंतिम चरण राष्ट्रीय स्तर का वीबीवाईएलडी होगा। इसमें विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय मंच पर अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा।

भारत मंडपम में मंत्रियों और विशेषज्ञों के सामने रखेंगे विचार

राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचने वाले प्रतिभागियों के लिए यह प्रतियोगिता बेहद खास होगी। चयनित युवाओं को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में डोमेन विशेषज्ञों, सचिवों और केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित क्षेत्रीय फाइनलिस्टों को आगे प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार रखने और संवाद करने का अवसर भी प्राप्त होगा। ऐसे में जिला स्तर से शुरू होने वाली यह प्रतियोगिता युवाओं के लिए राष्ट्रीय पहचान बनाने का बड़ा मंच साबित हो सकती है।

‘युवाओं की ऊर्जा से बनेगा विकसित भारत’

जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि “विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग” युवाओं को देश, समाज और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने अधिकारियों और शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिया कि प्रतियोगिता के प्रत्येक चरण की जानकारी विद्यार्थियों और युवाओं तक पहुंचाई जाए। विशेष रूप से माई भारत पोर्टल पर होने वाली ऑनलाइन क्विज में अधिक से अधिक पात्र युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने आगरा के सभी पात्र विद्यार्थियों और युवाओं से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं के विचार, ज्ञान और ऊर्जा ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों, शिक्षण संस्थानों और ग्राम पंचायतों से अभियान को सफल बनाने और आगरा को प्रतियोगिता में अग्रणी जनपद बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया।