आगरा में फतेहाबाद क्षेत्र के बमरौली में शादी के पांच महीने बाद बुझ गई माला की जिंदगी, पीहर पक्ष बोला- पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, पति समेत छह ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज
फतेहाबाद (आगरा)। थाना क्षेत्र के गांव बमरौली में शादी के महज पांच महीने बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। आग से गंभीर रूप से झुलसी विवाहिता माला ने सोमवार सुबह उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतका के पीहर पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बमरौली निवासी माला पत्नी सत्यवीर की शादी करीब पांच माह पूर्व हुई थी। बताया गया है कि शुक्रवार दोपहर माला संदिग्ध परिस्थितियों में आग की चपेट में आ गई थी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद परिजन उसे आनन-फानन में उपचार के लिए आगरा के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां कई दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई।
मृतका के भाई सोमवीर निवासी आसेकापुरा, पिढौरा ने थाना फतेहाबाद में दी तहरीर में गंभीर आरोप लगाए हैं। सोमवीर का कहना है कि शादी के बाद से ही माला को दहेज की मांग को लेकर लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि पति सत्यवीर, जेठ परशुराम, वृंदावन, रामगोपाल तथा जिठानी आरती और निरमा ने मिलकर माला पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई।
घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश और मातम का माहौल है। विवाहिता की मौत की खबर मिलते ही पीहर पक्ष के लोग अस्पताल और फिर थाने पहुंच गए। परिजनों ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए इसे सुनियोजित दहेज हत्या बताया है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना पुलिस ने पति समेत छह आरोपितों के खिलाफ दहेज हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक तथ्यों और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।