बरेली में बिजली गुल होने पर मॉल की लिफ्ट बीच रास्ते में अटकी, 35 मिनट तक फंसे रहे 13 लोग, किशोरी हुई बेहोश, गेट तोड़कर निकाले गए लोग

-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में रविवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित सिटी सेंटर एलए मॉल की लिफ्ट अचानक बीच रास्ते में बंद हो गई, जिससे तीन बच्चों और चार महिलाओं समेत कुल 13 लोग करीब 35 मिनट तक भीषण गर्मी और उमस के बीच लिफ्ट में फंसे रहे। घुटन और घबराहट के कारण 17 वर्षीय किशोरी शालिनी बेहोश होकर गिर पड़ी। स्थिति बिगड़ती देख अंदर फंसे लोगों ने लिफ्ट का गेट तोड़ने का प्रयास शुरू कर दिया, जबकि बाहर मौजूद लोगों ने भी मदद की। आखिरकार करीब 35 मिनट बाद गेट तोड़कर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

Jun 22, 2026 - 13:22
 0
बरेली में बिजली गुल होने पर मॉल की लिफ्ट बीच रास्ते में अटकी, 35 मिनट तक फंसे रहे 13 लोग, किशोरी हुई बेहोश, गेट तोड़कर निकाले गए लोग
बरेली में लिफ्ट के अंदर फंसे लोग।

रविवार रात लगभग 10 बजे सिटी सेंटर एलए मॉल में बड़ी संख्या में लोग फिल्म देखने और घूमने पहुंचे थे। मूवी फ्लोर और दूसरे तल से लोगों को लेकर लिफ्ट पहले तल की ओर आ रही थी कि अचानक बिजली चली गई। बिजली गुल होते ही लिफ्ट बीच रास्ते में रुक गई और उसमें सवार 13 लोग अंदर ही फंस गए।

लिफ्ट में फंसे लोगों ने पहले कुछ देर तक गेट खुलने का इंतजार किया, लेकिन जब कोई राहत नहीं मिली तो अंदर से लगातार मदद के लिए आवाजें लगाने लगे। इस दौरान कुछ युवकों ने लिफ्ट के भीतर लिखे सुरक्षा प्रभारी के मोबाइल नंबर पर आठ से दस बार फोन किया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। इससे अंदर मौजूद लोगों की घबराहट और बढ़ गई।

भीषण गर्मी और घुटन के कारण बिहारीपुर निवासी 17 वर्षीय शालिनी अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। किशोरी के बेहोश होने से लिफ्ट के भीतर अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद अंदर मौजूद लोगों ने किसी भी तरह बाहर निकलने के लिए लिफ्ट का गेट तोड़ना शुरू कर दिया। बाहर पहले तल पर मौजूद लोगों ने भी सहयोग किया। मॉल के सुरक्षा कर्मी और अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। करीब 35 मिनट की मशक्कत के बाद लिफ्ट का गेट तोड़कर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

घटना की सूचना पर चौकी चौराहा पुलिस मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि पुलिस के पहुंचने तक सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल चुके थे। पूछताछ में मॉल प्रबंधन ने बताया कि बिजली जाने के बाद जनरेटर चालू करने की प्रक्रिया चल रही थी, लेकिन इससे पहले ही अंदर मौजूद किसी व्यक्ति ने गेट पर जोरदार लात मार दी, जिससे लिफ्ट का सेंसर काम करना बंद कर गया।

एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि पुलिस ने घटना में फंसे लोगों के बयान दर्ज किए हैं। संबंधित पक्षों से तहरीर मांगी गई है। शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने मॉल की सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लिफ्ट में फंसे लोगों का आरोप है कि हेल्पलाइन नंबर पर कई बार कॉल करने के बावजूद किसी ने फोन नहीं उठाया। यदि समय रहते गेट नहीं तोड़ा जाता तो यह हादसा और भी भयावह रूप ले सकता था।

SP_Singh AURGURU Editor