वैश्विक बाजार में भरोसा जीतने का मंत्र: आगरा में पहली बार बीएसआई ग्रुप इंडिया का सेमिनार, निर्यातकों को बताए अंतरराष्ट्रीय अनुपालन के नए मानक
आगरा। वैश्विक बाजार में भारतीय उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने और निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय सामाजिक अनुपालन मानकों से अवगत कराने के उद्देश्य से होटल होलीडे इन में चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के तत्वावधान में बीएसआई ग्रुप इंडिया द्वारा पहली बार "बिल्डिंग ट्रस्ट इन द ग्लोबल मार्केट – थ्रू सस्टेनेबल कम्प्लायंस एक्सीलेंस" विषय पर सेमिनार आयोजित किया गया। सेमिनार में उद्योग जगत से जुड़े विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया कि वर्तमान समय में केवल गुणवत्तापूर्ण उत्पाद बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मानकों का पालन कर ग्राहकों का विश्वास अर्जित करना भी उतना ही आवश्यक हो गया है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में बीएसआई ग्रुप इंडिया की ओर से चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल तथा फिक्की, सीआईआई एवं फिओ के चेयरमैन राजेश अग्रवाल का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर बीएसआई ग्रुप इंडिया के डायरेक्टर सेल्स एंड मार्केटिंग महेश मलपाठक, शमी सिंह, हेड ऑफ सोशल आईएसए, सीनियर लीड ऑडिटर संजय भारद्वाज तथा बिजनेस डेवलपमेंट मैनेजर कृष्ण कुमार भी उपस्थित रहे।
वैश्विक नियमों के अनुरूप उद्योगों को बदलना होगा स्वरूप
चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने कहा कि बीएसआई ग्रुप द्वारा आयोजित यह सेमिनार उद्योगों और निर्यातकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। वैश्विक प्रतिस्पर्धा के इस दौर में केवल बेहतर उत्पाद तैयार करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कार्य करते हुए ग्राहकों का विश्वास जीतना सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है।
उन्होंने कहा कि विश्व स्तर पर तेजी से बदल रहे नियामकीय परिदृश्य, विशेष रूप से यूरोपियन यूनियन कॉर्पोरेट सस्टेनेबिलिटी ड्यू डिलिजेंस डायरेक्टिव (ईयू सीएसडीडीडी) जैसे नए नियम भारतीय निर्यातकों के लिए नई चुनौतियों के साथ नए अवसर भी लेकर आए हैं। यदि भारतीय उद्योग इन मानकों को अपनाते हैं तो उनकी वैश्विक विश्वसनीयता और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता और अधिक मजबूत होगी।
नई श्रम संहिताओं के पालन पर दिया विशेष जोर
मनोज कुमार बंसल ने कहा कि भारत सरकार द्वारा लागू नई श्रम संहिताओं का उद्देश्य श्रम कानूनों को सरल, आधुनिक, पारदर्शी तथा श्रमिक हितैषी बनाना है। उद्योगों द्वारा इनका प्रभावी अनुपालन सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
सोशल कम्प्लायंस और ईएसजी फ्रेमवर्क की विस्तार से दी जानकारी
विशेषज्ञों ने सेमिनार में एसएमईटीए, एसएलसीपी, हिग इंडेक्स, एसए-8000, इंटरनल ऑडिट्स तथा आईएसओ स्टैंडर्ड्स जैसे अंतरराष्ट्रीय सोशल कम्प्लायंस एवं ईएसजी फ्रेमवर्क की विस्तृत जानकारी दी। प्रत्येक प्रणाली की उपयोगिता, विशेषताओं तथा वैश्विक खरीदारों द्वारा उनकी स्वीकार्यता पर प्रकाश डाला गया, ताकि उद्योग अपनी आवश्यकता के अनुरूप उपयुक्त मानकों का चयन कर सकें।
एसए-8000 और एसएमईटीए के नए संशोधनों पर हुआ मंथन
सेमिनार में एसए-8000 तथा एसएमईटीए मानकों में हुए नवीनतम संशोधनों और अद्यतनों की जानकारी भी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि बदलते अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उद्योगों को अपनी आंतरिक प्रक्रियाओं तथा दस्तावेजीकरण को समय-समय पर अद्यतन करना आवश्यक है।
डिजिटल सोशल ऑडिट टूल से आसान होगा अनुपालन
कार्यक्रम में बीएसआई के आधुनिक डिजिटल सोशल ऑडिट टूल का भी परिचय कराया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि यह डिजिटल प्लेटफॉर्म सामाजिक अनुपालन ऑडिट को अधिक पारदर्शी, त्वरित, सटीक और प्रभावी बनाता है। इससे उद्योगों को समय की बचत के साथ बेहतर अनुपालन सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।
टीटीजेड प्रतिबंधों के बीच गैर प्रदूषणकारी उद्योगों पर जोर
चैम्बर अध्यक्ष ने कहा कि ताज ट्रेपेजियम जोन (टीटीजेड) की बंदिशों के कारण आगरा में नए उद्योग स्थापित करना आसान नहीं है। ऐसे में चैम्बर लगातार प्रयास कर रहा है कि आगरा में गैर प्रदूषणकारी उद्योग स्थापित हों, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ें और युवाओं का पलायन रोका जा सके।
उद्योगों को दिया 'लोकल टू ग्लोबल' का मंत्र
विशेषज्ञों ने "फ्रॉम लोकल टू ग्लोबल : लीवरेजिंग सोशल कम्प्लायंस टू स्ट्रेंथन बिजनेस परफॉर्मेंस एंड एक्सपोर्ट रेडीनेस" विषय पर कहा कि सामाजिक अनुपालन केवल कानूनी आवश्यकता नहीं, बल्कि उद्योगों की विश्वसनीयता, उत्पादकता, ब्रांड छवि तथा निर्यात क्षमता को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
सेमिनार में चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल, फिक्की-फिओ प्रकोष्ठ के चेयरमैन राजेश अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल, शलभ शर्मा, पूरन डावर, गोपाल गुप्ता, फिओ से आलोक श्रीवास्तव, प्रशांत जैन, विकास चतुर्वेदी, अनुज अशोक सहित बड़ी संख्या में उद्योगपति, निर्यातक एवं उद्यमी उपस्थित रहे।