निकाह, दूसरा रिश्ता और साजिश? ऑटो चालक को जिंदा जलाने की कोशिश से सनसनी
आगरा के शाहगंज थाना क्षेत्र में एक ऑटो चालक को उसकी पत्नी और अन्य लोगों ने कथित तौर पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किया। युवक गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। आरोप है कि पत्नी ने बिना तलाक लिए दूसरी शादी कर ली थी, जिसका वह विरोध कर रहा था। परिवार ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है।
आगरा। थाना शाहगंज क्षेत्र की रामस्वरूप कॉलोनी में वैवाहिक विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। एक ऑटो चालक को कथित तौर पर उसकी पत्नी और उसके परिजनों ने पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की। गंभीर रूप से झुलसे युवक को पहले एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर परिवरीजन उसे निजी अस्पताल ले गए हैं।
दो साल पहले हुआ था निकाह, अब रिश्तों में दरार
पीड़ित की बहन निशा के अनुसार, उसके भाई चांद ने दो साल पहले आजमपाड़ा निवासी शबनम से निकाह किया था। शबनम के पहले पति की मौत पहले ही संदिग्ध परिस्थितियों में हो चुकी थी। आरोप है कि दो साल साथ रहने के बाद इसी महीने शबनम ने बिना तलाक लिए दूसरे व्यक्ति से शादी कर ली। परिजनों का कहना है कि चांद इस संबंध का विरोध कर रहा था, जिससे विवाद लगातार बढ़ रहा था।
रास्ते में रोका, पेट्रोल डालकर लगाई आग
घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है। चांद ऑटो से सवारी छोड़कर लौट रहा था, तभी रास्ते में शबनम, उसका भाई और एक अन्य व्यक्ति ने उसे रोक लिया। आरोप है कि तीनों उसे जबरन खींचकर ले गए और उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, तब तक वह बुरी तरह झुलस चुका था। परिजनों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
परिवार का आरोप है कि थाना शाहगंज में तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। घटना के बाद से इलाके में आक्रोश है और लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
कई सवाल खड़े कर रही घटना
बिना तलाक दूसरी शादी का मामला
पहले पति की संदिग्ध मौत
वैवाहिक विवाद का हिंसक रूप
पुलिस कार्रवाई पर सवाल
यह मामला केवल पारिवारिक विवाद नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था और वैवाहिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर प्रश्न बनता जा रहा है।