ससुराल से जान बचाकर भागी विवाहिता की मौत, मरने से पहले पति-ससुर पर लगाए गंभीर आरोप
आगरा में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला 16 अप्रैल को ससुराल से भागकर मायके पहुंची थी और अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतका ने पति और ससुर पर मारपीट व ज़हर देने के आरोप लगाए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आगरा। आगरा जनपद में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, थाना अछनेरा क्षेत्र के गांव नागर निवासी रामवीर सिंह की बेटी पार्वती की शादी वर्ष 2018 में पतरावन निवासी निरंजन के साथ हुई थी।
बताया जा रहा है कि पार्वती 16 अप्रैल को अपनी जान बचाकर ससुराल से किसी तरह भागकर मायके पहुंची थी। उस दौरान उसकी हालत बेहद गंभीर थी। परिजनों ने उसे तुरंत इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका ने अपने अंतिम समय में पति और ससुर पर गंभीर आरोप लगाए थे। आरोप है कि उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, मारपीट की जाती थी और यहां तक कि ज़हर देने की भी कोशिश की गई।
घटना के बाद मायके पक्ष में आक्रोश है। पिता रामवीर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने पति, ससुर सहित अन्य ससुरालीजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।