ड्रग विभाग की कार्रवाई पर भड़के दवा व्यापारी, कोतवाली के सामने जोरदार प्रदर्शन, ताले तोड़ने और मनमानी का लगाया आरोप, व्यापारी की मौत की निष्पक्ष जांच व दोषियों पर कार्रवाई की मांग
आगरा। औषधि विभाग की कथित मनमानी कार्रवाई के विरोध में रविवार को जिला आगरा केमिस्ट एसोसिएशन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में दवा व्यापारियों ने कोतवाली के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि ड्रग विभाग ने बिना पूर्व सूचना कई मेडिकल स्टोरों के ताले तोड़कर कार्रवाई की, जिससे व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है। प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने हाल ही में दो दवा व्यापारियों के निधन का मुद्दा भी उठाते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
जिला आगरा केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष आशु शर्मा ने कहा कि औषधि विभाग लगातार मनमाने ढंग से कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी पूर्व सूचना के मेडिकल स्टोरों के ताले तोड़े गए और व्यापारियों को अपना पक्ष रखने का भी अवसर नहीं दिया गया। इससे पूरे दवा व्यापारियों में असुरक्षा और भय का वातावरण है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में दो दवा व्यापारियों का निधन हुआ है। इनमें रिचा मेडिकल के संचालक प्रेम चेसवानी का मामला बेहद संवेदनशील है। उनका आरोप है कि फरवरी माह में लखनऊ से आई ड्रग विभाग की टीम ने बिना सूचना उनकी दुकान सील कर दी थी। बाद में जब विभाग ने सील खोली तो दुकान खाली मिली। इसके बाद से प्रेम चेसवानी लगातार मानसिक तनाव में थे। पिछले कुछ दिनों से चल रही छापेमारी की कार्रवाई के कारण उनकी चिंता और बढ़ गई थी।
व्यापारियों का आरोप है कि इसी मानसिक तनाव के चलते उनकी मृत्यु हुई। उन्होंने मांग की कि यदि जांच में ड्रग विभाग की लापरवाही या जिम्मेदारी सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि दवा व्यापारी कानून का सम्मान करते हैं, लेकिन विभागीय कार्रवाई पारदर्शी, नियमानुसार और मानवीय दृष्टिकोण से होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं रुका तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
विरोध प्रदर्शन में एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राम अवतार शर्मा, कोषाध्यक्ष देवेंद्र अग्रवाल, अंशुल अग्रवाल, नरेश राजोरा, पिंकी सक्सेना, सुनील अग्रवाल, राजू गुप्ता, सचिन सक्सेना, दुबे जी, अमित वर्मा, हेमंत कुमार, मोनू भक्तानी, दीपू गुप्ता सहित बड़ी संख्या में दवा व्यापारी उपस्थित रहे।