काशी में गंगा के ऊपर दिखेगी भारतीय वायुसेना की ताकत, ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में शामिल होंगे प्रधानमंत्री मोदी

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (रविवार को) अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में अरविंद लिमिटेड की नई परिधान निर्माण इकाई का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह नमो घाट पर भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित ‘एयर फोर्स डे एरियल डिस्प्ले-2026’ में शामिल होंगे। ‘विंग्स ओवर गंगा’ थीम पर होने वाले इस एयर शो में राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, तेजस और प्रचंड हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर सहित कई विमानों की हवाई क्षमता का प्रदर्शन किया जाएगा। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे।

Oct 25, 2026 - 05:50
 0
   काशी में गंगा के ऊपर दिखेगी भारतीय वायुसेना की ताकत, ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में शामिल होंगे प्रधानमंत्री मोदी

एक हजार महिलाओं को रोजगार देने की तैयारी

प्रधानमंत्री सुबह करीब 11 बजे मिर्जामुराद क्षेत्र में अरविंद लिमिटेड की नई गारमेंट निर्माण इकाई का उद्घाटन करेंगे। इस इकाई का उद्देश्य वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करना है। यहां करीब एक हजार स्थानीय महिलाओं को रोजगार देने की योजना है। इकाई में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकीं महिलाओं से प्रधानमंत्री संवाद भी करेंगे।

आधुनिक विनिर्माण तकनीक से लैस इस इकाई में तैयार होने वाले परिधानों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की योजना है। इससे वाराणसी को कपड़ा और परिधान निर्माण के क्षेत्र में नई पहचान मिलने के साथ प्रदेश में निवेश और रोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। महिला कर्मचारियों की प्रमुख भागीदारी वाली यह परियोजना महिला रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

दोपहर में नमो घाट पर एयर शो देखेंगे प्रधानमंत्री

गारमेंट निर्माण इकाई के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री नमो घाट पहुंचेंगे। दोपहर करीब एक बजे प्रस्तावित एयर शो में भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान, हेलीकॉप्टर और परिवहन विमान अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करेंगे। गंगा के ऊपर होने वाले इस आयोजन में देश की हवाई शक्ति, पायलटों की दक्षता और विभिन्न सैन्य इकाइयों के बीच समन्वय का प्रदर्शन प्रमुख आकर्षण रहेगा।

एयर शो में स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान तेजस, सुखोई-30 एमकेआई और राफेल जैसे लड़ाकू विमानों के साथ प्रचंड हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर के शामिल होने का कार्यक्रम है। भारतीय नौसेना और थलसेना के विमान भी इसमें हिस्सा लेंगे। इससे तीनों सेनाओं के बीच संयुक्त संचालन और समन्वय की क्षमता को प्रदर्शित किया जाएगा।

भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम भी अपने करतब दिखाएंगी। सूर्य किरण टीम के विमान आसमान में सटीक संरचनाओं और सामूहिक उड़ान का प्रदर्शन करेंगे, जबकि सारंग टीम हेलीकॉप्टरों के जरिए हवाई तालमेल और नियंत्रण का प्रदर्शन करेगी।

22 अक्टूबर से चल रहा एयर शो, आज अंतिम दिन

वाराणसी में एयर फोर्स डे एरियल डिस्प्ले का आयोजन 22, 24 और 25 अक्टूबर को निर्धारित किया गया है। रविवार को इसका समापन दिवस है। गंगा और काशी के ऐतिहासिक घाटों की पृष्ठभूमि में आयोजित यह कार्यक्रम शहर में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। प्रधानमंत्री की मौजूदगी के कारण समापन दिवस के आयोजन को विशेष महत्व दिया जा रहा है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, यातायात व्यवस्था पर भी नजर

प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए वाराणसी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने कार्यक्रम स्थलों तथा प्रधानमंत्री के प्रस्तावित मार्गों पर विशेष निगरानी की व्यवस्था की है। अधिकारियों के मुताबिक, शहर में करीब 12 हजार पुलिसकर्मियों और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। नमो घाट और आसपास के इलाकों में भीड़ नियंत्रण, वाहनों की आवाजाही और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

SP_Singh AURGURU Editor